मोदी के लिए हेलिपैड बनाने का टीएस बाबा ने किया विरोध, कलेक्टर को पत्र लिखकर कहा “जनता की संपत्ति का हो रहा दुरूपयोग”

अंबिकापुर : पीएम मोदी 23 अप्रैल को छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर दौरे पर आएंगे। उनके आने को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं और गांधी स्टेडियम में हेलीपैड बनाया जा रहा है। जिसको लेकर पूर्व स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने कलेक्टर को पत्र लिखकर विरोध जताया है। उन्होंने इस हेलीपैड निर्माण को जनता की संपत्ति का दुरुपयोग बताया है।

अपने पत्र में उन्होंने लिखा कि, शहर के विभिन्न खेलों से जुड़े खिलाड़ियों, खेल संगठनों, खेल प्रेमियों एवं आमजनों ने मुझे यह जानकारी दी है कि गांधी स्टेडियम में हैलीपैड का निर्माण कराये जाने हेतु काफी मात्रा में निर्माण सामग्री गिराई गई है। मैं यह बताना चाहूंगा कि, राजनीतिक रूप में पार्टी लाईन से बाहर जाकर हम सब ने भाजपा के दिवंगत नेता स्व. रविशंकर त्रिपाठी की पहल पर सभी ने यह संकल्प लिया था कि गांधी स्टेडियम का उपयोग केवल और केवल खेल गतिविधियों के लिये किया जायेगा। खेल गतिविधियों के अलावे किसी भी प्रकार के सांस्कृतिक, धार्मिक अथवा राजनीतिक गतिविधियों के लिये इस स्टेडियम का उपयोग नहीं किया जायेगा। इस पर सबकी सहमति थी और सभी हमेशा से इस पर ध्यान भी देते आ रहे हैं।

शहर के खिलाड़ियों और लोगों को होगी दिक्कत

उन्होंने आगे लिखा कि, मैं प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का अम्बिकापुर में स्वागत करता हूं। किन्तु इसके लिये गांधी स्टेडियम का उपयोग और वहां पर हैलीपैड बनाये जाने के पक्ष में नहीं हूं और इसका विरोध दर्ज कराता हूं। मेरा आपसे आग्रह है शहर का एकमात्र खेल गतिविधियों का केन्द्र जहां पर सुबह-शाम खिलाड़ियों, युवाओं से लेकर शहर के गणमान्यजन स्वास्थ्य की दृष्टि से वॉकिंग करने यहां आते हैं। ऐसे खेल मैदान को एक राजनीतिक कार्यक्रम की दृष्टि से बर्बाद न करें।

श्री सिंहदेव ने आगे लिखा कि, हैलीपैड का निर्माण शहर में कहीं और भी किया जा सकता है। पूर्व से पुलिस लाईन एवं पीजी कॉलेज ग्राउण्ड में हैलीपैड बनी हुई है और ज्यादा असुविधा न हो तो दरिमा हवाई पट्टी भी नजदिक है, उसका उपयोग कर सकते हैं। मैं शहर के खिलाड़ियों, खेल संगठनों, खेल प्रेमियों, आमजनों एवं शहर के नागरिक के नाते तत्काल गांधी स्टेडियम में हैलीपैड निर्माण कार्य को रोकने का अनुरोध करता हूं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds