भीषण सड़क हादसा : स्कूल बस पलटने से 6 बच्चों की मौत, 28 घायल; ईद के दिन भी खुला था स्कूल…

महेंद्रगढ़। हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल में गुरुवार को भीषण सड़क हादसा हो गया. कनीना के उनहानी गांव के पास बच्चों से भरी स्कूल बस पलट गई. इस हादसे में 6 बच्चों की मौत हो गई. 28 स्कूली बच्चे घायल हुए हैं. हालांकि, अभी प्रशासन ने इस बारे में कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है. यह बस जीएल पब्लिक स्कूल की बताई जा रही है. इसमें करीब 30-35 बच्चे सवार थे. ईद की सरकारी छुट्टी वाले दिन भी स्कूल लगाया जा रहा था. इसके बाद से स्कूल मैनेजमेंट पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं.

हादसे के बाद घटना स्थल पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने बताया कि कि रेवाड़ी-महेंद्रगढ़ सड़क मार्ग पर उनहानी गांव के पास बच्चों से भरी स्कूल बस हादसे का शिकार हुई है. जीएल पब्लिक स्कूल बस में 30 से 35 बच्चे सवार थे. इस हादसे में 6 बच्चों की मौत हुई है, जबकि करीब 28 बच्चे घायल हुए हैं. कुछ बच्चों को रेवाड़ी और कुछ को महेंद्रगढ़ के अस्पताल में भर्ती करवाया गया है. निहाल अस्पताल से 7 से 8 बच्चों को इलाज के बाद घर भेज दिया गयाहै.

ईद की छुट्टी के दिन भी खुला था स्कूल
एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि आज ईद उल फितर का त्योहार पूरे देश भर में उत्साह के साथ मनाया जा रहा है. इस पर आज सरकारी छुट्टी की भी घोषणा की गई है. इसके बावजूद नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए इस स्कूल द्वारा कक्षाएं लगाई जा रही थीं. नियमों को ताक पर रख कर बच्चों को बस से स्कूल ले जाया जा रहा था. पुलिस प्रशासन अब स्कूल के खिलाफ इस एंगल में भी जांच करेगी और कार्रवाई करेगी.

बच्चों के सिर, हाथ और पैर से बह रहा था खून
स्थानीय लोगों ने बताया कि जैसे ही स्कूल बस पलटी तो घटना स्थल पर चीख-पुकार मच गई. हर कोई बस के नीचे दबे बच्चों को निकालने में जुट गया. बस के पलटने से बच्चों के हाथ, पैर और सिर पर गंभीर चोटें आई हैं. कुछ बच्चों के सिर और हाथ-पैर से खून बह रहा था. स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना देकर खुद ही रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds