कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने लॉन्च किया घर-घर गारंटी अभियान, करोड़ों घरों तक पहुंचेंगे पार्टी कार्यकर्ता

नई दिल्ली : कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बुधवार को घर-घर गारंटी अभियान की शुरुआत की। इस अभियान के तहत कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता देश के करोड़ों घरों तक पहुंचेंगे और जनता को कांग्रेस की गारंटियों के बारे में जानकारी देंगे। मल्लिकार्जुन खरगे ने उत्तर पूर्वी दिल्ली के उस्मानपुर काठियावाड़ा में आयोजित हुए एक कार्यक्रम में घर-घर गारंटी अभियान की शुरुआत की। पार्टी का यह अभियान ‘पांच न्याय’ और ’25 गारंटी’ पर आधारित है।

खरगे ने बताया- करोड़ों घर पहुंचेंगे पार्टी कार्यकर्ता

घर-घर अभियान के तहत कांग्रेस कार्यकर्ता पांच न्याय और 25 गारंटी वाला कार्ड घर-घर जाकर वितरित करेंगे। कांग्रेस का लक्ष्य आठ करोड़ परिवारों तक पहुंचने का है। अभियान की शुरुआत करते हुए मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि ‘गारंटी के कार्ड हमारे लोग घर-घर बाटेंगे और हम लोगों को बताएंगे कि हमारी सरकार आने के बाद हम क्या क्या करेंगे।’

खरगे ने कहा कि हम गारंटी देते हैं कि हमारी सरकार हमेशा लोगों के लिए काम करेगी। पीएम मोदी, मोदी की गारंटी की बात करते हैं, लेकिन उनकी गारंटी कभी लोगों तक नहीं पहुंची। खरगे ने कहा कि पीएम मोदी ने दो करोड़ नौकरियां हर साल देने का वादा किया था, लेकिन लोगों को वो नहीं मिलीं। कांग्रेस की पंच न्याय में युवा न्याय, नारी न्याय, किसान न्याय, श्रमिक न्याय और हिस्सेदारी न्याय शामिल हैं।

कांग्रेस पार्टी 5 अप्रैल को लोकसभा चुनाव के लिए अपना घोषणा पत्र जारी कर सकती है। कांग्रेस जयपुर और हैदराबाद में विशाल रैली का आयोजन करेगी। पार्टी ने चुनाव के लिए अपना नया स्लोगन ‘हाथ बदलेगा हालात’ भी लॉन्च कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds