लॉगिन

बोपन्ना-एब्डेन की जोड़ी फाइनल में पहुंची, खिताब से एक कदम दूर, जानें किससे होगा सामना

Sports March 29, 2024 रिपोर्टर: shailesh
बोपन्ना-एब्डेन की जोड़ी फाइनल में पहुंची, खिताब से एक कदम दूर, जानें किससे होगा सामना

बोपन्ना-एब्डेन की जोड़ी फाइनल में पहुंची, खिताब से एक कदम दूर, जानें किससे होगा सामना

मियामी : भारतीय टीम के अनुभवी टेनिस खिलाड़ी रोहन बोपन्ना और उनके ऑस्ट्रेलियाई जोड़ीदार मैथ्यू एब्डेन मार्केल ग्रानोलर्स और होरासियो जेबालोस को हराकर मियामी ओपन पुरुष डबल्स वर्ग के फाइनल में पहुंच गए हैं। बोपन्ना और एब्डेन की जोड़ी ने इस साल की शुरुआत में वर्ष के पहले ग्रैंडस्लैम ऑस्ट्रेलियन ओपन का खिताब जीता था। इस जोड़ी ने सेमीफाइल में स्पेन के ग्रानोलर्स और अर्जेंटीना के जेबालोस की जोड़ी को 6-1, 6-4 से हराया।

बोपन्ना के पास फिर शीर्ष में पहुंचने का मौका

ऑस्ट्रेलियन ओपन में मिली ऐतिहासिक जीत के बाद 44 वर्षीय बोपन्ना एटीपी रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंच गए थे। वह ऐसा करने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी थे। हालांकि दुबई चैंपियनशिप के क्वार्टर फाइनल और इंडियन वेल्स के राउंड-32 में हारने के बाद यह जोड़ी दूसरे नंबर पर खिसक गई थी, लेकिन मियामी ओपन के सेमीफाइनल में जीतने से उन्हें सोमवार को जारी होने वाली रैंकिंग में दोबारा शीर्ष पर पहुंचने में मदद मिलेगी।

डोडिग-ऑस्टिन की जोड़ी से होगा सामना

बोपन्ना और एब्डेन की जोड़ी का खिताबी मुकाबले में सामना क्रोएशिया के इवान डोडिग और अमेरिका के ऑस्टिन क्राजिकेक की जोड़ी से होगा। डोडिग ऑस्टिन की जोड़ी ने एक अन्य सेमीफाइनल मुकाबले में केविन क्राविट्ज और टिम पुट्ज की जर्मनी की जोड़ी को 6-4, 6-7 (7), 10-7 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।

अबतक 25 डबल्स खिताब जीत चुके हैं बोपन्ना

बोपन्ना के करियर का यह 14वां एटीपी मास्टर्स 1000 फाइनल है, जबकि वह पहली बार मियामी ओपन के खिताबी मुकाबले में पहुंचे हैं। ओवरऑल यह उनका 63वां टूर स्तर का फाइनल है। भारत के सबसे सफल टेनिस खिलाड़ियों में शामिल बोपन्ना अबतक अपने करियर में 25 डबल्स खिताब जीत चुके हैं। बोपन्ना और एब्डेन की जोड़ी का यह पांचवां एटीपी मास्टर्स 1000 फाइनल है। बोपन्ना के नाम एक खास उपलब्धि भी जुड़ गई है वह लिएंडर पेस के बाद सभी नौ एटीपी मास्टर्स इवेंट के फाइनल में पहुंचने वाले दूसरे भारतीय खिलाड़ी हैं।

खबर शेयर करें:

This will close in 20 seconds