CG CRIME : खुद को पत्रकार-वकील बताने वाला निकला चेन स्नैचर्स, लाखो के सामान सहित तीन आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पिछले कुछ दिनों से लगातार चेन स्नैचिंग के मामले सामने आ रहे हैं। घटना को पुलिस ने गंभीरता से लिया और टीम गठित कर कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मामले में एक अंतर्राजीय आरोपी सहित तीन को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से सोने के आभूषण और घटना में उपयोग किए गए वाहनों को भी जब्त किया है। आरोपियों ने घटना को अंजाम देने के लिए जिस प्लानिंग के तहत काम किया वह भी किसी सुपरहिट वेब सीरीज से कम नहीं थी।

बढ़ती चेन स्नैचिंग की घटनाओं को देखते हुए एसएसपी ने एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट  और सिविल लाईन पुलिस थाना की एक विशेष टीम का गठन किया। टीम ने घटनाओं के बारे में पीड़ितों से पूछताछ की। साथ ही घटना स्थल का निरीक्षण किया और आस-पास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले। आरोपियों द्वारा उपयोग किए गए वाहनों के बारे में भी जानकारी ली गई। इसके अलावा हाल ही में रिहा हुए कुछ चेन स्नैचर्स की हरकतों पर नजर रख कर जांच की गई।

ऐसे पकड़ाए आरोपी

कार्रवाई के दौरान ही घटना में संलिप्त आरोपी सर्वेश दुबे जो पहले भी चेन स्नैचिंग के मामले में जेल जा चुका है। पुलिस ने उसे संदेह के आधार पर फिर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ करने पर उसने अपने साथी कैलाश यादव और कृष्ण कुमार मेश्राम के साथ मिलकर चेन स्नैचिंग और चोरी की वारदात अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस की टीम ने कैलाश यादव और कृष्ण कुमार मेश्राम को भी धर दबोचा।

इस तरह से देते थे वारदात को अंजाम

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि, तीनों गोबरानवापारा में रहते थे और योजना बनाकर चेन स्नेचिंग की घटनाओं को अंजाम देते थे। वारदात को अंजाम देने से पहले तीनों ने रायपुर के अलग-अलग जगहों से 3 दोपहिया वाहन चुराया था। गाड़ियों का नंबर प्लेट बदलकर वे रायपुर आते थे। खुद की पहचान छुपाने के लिए वे अपने चेहरे पर कपड़ा ढंक लेते थे और वारदात को अंजाम देकर लौट जाते थे। चेन को कृष्ण कुमार मेश्राम मुथुट गोल्ड लोन फायनेंस में गिरवी रखकर पैसे ले लेता था। बिना दस्तावेजों के सोने के चेन गिरवी रखने के कारण मुथुट गोल्ड लोन फायनेंस से भी पूछताछ की जा रही है।

पहले भी जा चुके हैं जेल

आरोपी सर्वेश दुबे पहले भी रायपुर के थाना पंडरी, देवेन्द्र नगर, टिकरापारा, भोपाल (म.प्र.) के थाना हबीबगंज और गोविंदपुरा से लूट-चोरी के लगभग 6 मामलों में जेल जा चुका है। आरोपी कैलाश यादव पहले थाना गोबरानवापारा से चोरी, मारपीट, प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत जेल जा चुका है और आरोपी कृष्ण कुमार मेश्राम थाना गोबरानवापारा का हिस्ट्रीशीटर है जिसके खिलाफ थाना गोबरानवापारा में बलवा, चोरी, आगजनी, तोड़फोड़, मारपीट, शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाना, आर्म्स एक्ट, उद्यापन समेत लगभग 1 दर्जन अपराध दर्ज हैं, जिनमें वह जेल जा चुका है।

आरोपियों के पास से चोरी का सामान बरामद

तीनों आरोपियों के पास से कुल 5 सोने की चेन और 2 सोने की अंगूठी जिसकी कीमत 7,16,900/- रूपये और 3 बाइक पल्सर, एक्टिवा और एक्सेस जब्त किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में सर्वेश दुबे, पिता रामलाल दुबे उम्र 29 साल निवासी ग्राम दुगमा दुबांग पोस्ट मुदरिया थाना मउगंज जिला रींवा (म.प्र.)। कैलाश यादव पिता स्व. महेश यादव उम्र 21 साल निवासी बस स्टेण्ड रेलवे क्रासिंग यादवपारा थाना गोबरानवापारा रायपुर। कृष्ण कुमार मेश्राम पिता अशोक कुमार मेश्राम वार्ड नंबर 21 शीतलापारा थाना गोबरानवापारा रायपुर शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds