CG : दक्षिण हवाओं के कम होते प्रभाव से रायपुर का मौसम साफ, अब तपाएगी गर्मी, तेजी से चढ़ेगा पारा, जानें आईएमडी का अपडेट

रायपुर :  दक्षिण से आने वाली हवाओं के कम होते प्रभाव से राजधानी रायपुर में मौसम साफ हो गया है। रायपुर में बादल छंटने के साथ तापमान में वृद्धि का दौर शुरू हो गया है। तापमान में वृद्धि से नमी घटकर 68-40 प्रतिशत तक रह गई है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान अभी भी 6 डिग्री सेल्सियस तक कम है। शुक्रवार सुबह राजधानी में तेज धूप खिली है। अगले पांच दिनों में चार डिग्री सेल्सियस तक अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होगी।

अप्रैल महीने से शुरू होगी गर्मी

मौसम विभाग का कहना है कि मार्च के अंत तक गर्मी के बढ़ने की संभावना है। तापमान में बढ़ोतरी जारी रहेगी। पारा 40 डिग्री तक जा सकता है। अप्रैल महीने से गर्मी का सिलसिला प्रारंभ होगा। हालांकि मौसम विभाग ने 26 मार्च के बाद दक्षिणी हवाओं के एक बार फिर सक्रिय होने की संभावना जताई है। इस स्थिति में प्रदेश में बादल छाए रहेंगे। हालांकि मौसम विभाग ने इस दौरान प्रदेश बारिश होगी या नहीं इसे लेकर अभी कोई भविष्‍यवाणी नहीं की है।

वहीं गुरुवार को भी उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ क्षेत्रों में हल्‍की बारिश हुई। मनोरा, पेण्ड्रा व धरमजयगढ़ में 1-1 सेंटीमीटर वर्षा हुई है। मौसम केंद्र के अनुसार पश्चिम विदर्भ व उसके आसपास एक चक्रवाती परिसंचरण है। इसी तरह का एक चक्रवाती परिसंचरण उत्तरी झारखंड के ऊपर है। मध्य व दक्षिण छत्तीसगढ़ में गुरुवार को मौसम साफ था। आंशिक बादल थे। लेकिन धूप खिली हुई थी।

अधिकतम तापमान रायपुर में 33, माना में 32.6, बिलासपुर में 31.4, पेण्ड्रारोड में 29.3, अंबिकापुर में 28, जगदलपुर में 32.5, दुर्ग में 34.4 और राजनांदगांव में 34 डिग्री सेल्सियस था। सर्वाधिक 35.5 डिग्री सेल्सियस तापमान डोंगरगढ़ में रिकॉर्ड किया गया। पिछली रात रायपुर का न्यूनतम तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस था। यह सामान्य से 4 डिग्री सेल्सियस कम है। वहीं दुर्ग का न्यूनतम तापमान सामान्य से 6 डिग्री सेल्सियस कम था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds