‘हम उन्हें गंभीरता से नहीं लेते; वे जहां भी गए, कांग्रेस सीट हारी’, रिजिजू ने कसा राहुल पर तंज

नई दिल्ली : केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा का भाजपा के चुनावी संभावनाओं पर कोई असर नहीं पड़ेगा। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि लोकसभा चुनाव में एनडीए बहुमत के साथ सत्ता में आएगी।

भारत जोड़ो न्याय यात्रा की शुरुआत 14 जनवरी को मणिपुर से की गई थी, वहीं इस यात्रा का समापन 16 जनवरी को मुंबई में हुआ था। इस यात्रा में करीबन 6,700 किमी की दूरी तय की गई है।

किरेन रिजिजू ने की राहुल गांधी की आलोचना

मीडिया से बात करते हुए किरेन रिजिजू ने कहा, “राहुल गांधी जहां भी गए, कांग्रेस वहां सीट हार गई। कोई भी उन्हें गंभीरता से नहीं लेता है। अगर वह चुनाव प्रचार से बचते हैं तो शायद देश की सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस लोकसभा चुनाव में कुछ सीटें जीत सकती है।” उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नफरती भाषणों को लेकर भी राहुल गांधी की आलोचना की है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा, “कांग्रेस नेता के दिल दिमाग और आत्मा में पीएम मोदी और भाजपा के खिलाफ नफरत भरा हुआ है, जो कि उनके स्वास्थ्य के लिए ठीक नहीं है। राहुल को पीएम मोदी बिलकुल पसंद नहीं है, क्योंकि वे (पीएम मोदी) बहुत ही विनम्र और गरीब परिवार से ताल्लुक रखते हैं। राहुल और उनके लोग इस बात से सहमत नहीं है कि एक गरीब भी देश का प्रधानमंत्री बन सकता है।”

राहुल को गंभीरता से नहीं लेते: रिजिजू

रिजिजू ने आगे कहा कि मोदी को उनकी काबिलियत, लोगों के प्यार और आशीर्वाद के कारण पीएम बनाया गया है। उन्होंने लोकसभा चुनाव में भाजपा के भारी बहुमत से जीतने की भविष्यवाणी की है। इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि भाजपा अकेले चुनाव में 370 से ज्यादा सीटें जीतेगी और एनडीए 400 सीटे जीतने वाली है। बता दें कि देश भर में लोकसभा चुनाव और कुछ राज्यों में विधानसभा चुनाव 19 अप्रैल से शुरू होने वाला है।

राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए किरेन रिजिजू ने कहा, “हम उन्हें कभी गंभीरता से नहीं लेते हैं। वह एक आदतन अपराधी है, अदालत ने भी उन्हें गलत टिप्पणियां करने के मामले में चेतावनी दी है।” रिजिजू ने भाजपा के अरुणाचल प्रदेश की 60 सदस्यीय विधानसभा में 55 सीटें जीतने का दावा किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds