CG : व्यापारी की पिटाई कर जबरन कार में बैठाकर ले जा रहे थे ओडिशा, पुलिस ने रास्ते में छुड़ाया

जगदलपुर : जगदलपुर में एक व्यापारी के दिनदहाड़े अपहरण का मामला सामने आया है। कुछ बदमाश पहले व्यापारी की दुकान पहुंचे। वहां बदमाशों ने पहले व्यापारी की पिटाई की। इसके बाद व्यापारी को जबरन कार में बैठाकर उसे अपहरण कर ओडिशा की ओर ले जा रहे थे। लेकिन मामला सामने आने के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाई और किडनैपरों को पकड़कर व्यापारी को छुड़ाया। फिलहाल पुलिस इस मामले में केस दर्ज कर आरोपितों से पूछताछ कर रही है।
दरअसल, यह मामला भानपुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम फरसागुड़ा का है। जानकारी के अनुसार शनिवार को आपसी रंजिशवश रायपुर निवासी कुछ युवकों ने फिल्मी स्टाइल में फरसागुडा के युवा व्यापारी का अपहरण कर उसे ओडिशा की ओर ले जा रहे थे। सूचना मिलते ही पुलिस ने शहर से कुछ दूर पहले ही अपहरणकर्ताओं की वाहन रोककर युवक को छुड़ाया। आरोपितों से पूछताछ जारी है।
बताया गया कि आशीष संचेती नामक युवक की फरसागुड़ा में दुकान है। उसका किसी बात को लेकर आरोपितों के साथ विवाद चल रहा था। शनिवार सुबह आधा दर्जन युवक वाहन मे सवार होकर फरसागुड़ा पहुंचे। आशीष को जबरन दुकान से निकालकर उससे मारपीट की फिर उसे वाहन में बिठाकर ओडिशा ले जाने लगे। यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।