चुनाव आयोग ने इलेक्टोरल बॉन्ड का डेटा वेबसाइट पर अपलोड किया, यहां देखें पूरी लिस्ट

नईदिल्ली। चुनाव आयोग ने इलेक्टोरल बॉन्ड का डेटा अपनी वेबसाइट पर अपलोड कर दिया है। चुनाव आयोग ने अपनी वेबसाइट पर दो डेटा अपलोड किया है। पहले पेज में 12 अप्रैल 2019 से लेकर 24 जनवरी 2024 तक का पार्टियों का डेटा है। पहला डेटा 426 पन्नों का है। इसमें बताया गया है कि किस पार्टी को कितना चंदा मिला है। वहीं दूसरा डेटा 337 पेज का है। इसमें 12 अप्रैल 2019 से 11 जनवरी 2024 तक का डेटा है। इनमें कंपनियों और अन्य लोगों की तरफ से एसबीआई से बॉन्ड खरीदने की जानकारी है।

इन प्रमुख कंपनियों ने दिया चंदा
इलेक्टोरल बॉन्ड के माध्यम से राजनीतिक दलों को चंदा देने वालों में ग्रासिम इंडस्ट्रीज, मेघा इंजीनियरिंग, पीरामल एंटरप्राइजेज शामिल हैं। चुनावी बांड खरीदने वालों में अपोलो टायर्स, लक्ष्मी मित्तल, एडलवाइस, पीवीआर, केवेंटर, सुला वाइन, वेलस्पन, सन फार्मा टोरेंट पावर, भारती एयरटेल, डीएलएफ कमर्शियल डेवलपर्स, वेदांता लिमिटेड शामिल हैं।

इन पार्टियों को मिला चंदा
चुनाव आयोग की तरफ से जारी डेटा के अनुसार, बीजेपी, कांग्रेस, आम आदमी पार्टी, टीएमसी, नेशनल कॉन्फ्रेंस, बीजेडी, गोवा फॉरवर्ड पार्टी, महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी समेत कई अन्य पार्टियों को भी चुनावी दान मिले हैं। आंकड़ों के मुताबिक, चुनावी बांड भुनाने वाली पार्टियों में बीजेपी, कांग्रेस, एआईएडीएमके, बीआरएस, शिवसेना, टीडीपी, वाईएसआर कांग्रेस, डीएमके, जेडीएस, एनसीपी, तृणमूल कांग्रेस, जेडीयू, आरजेडी, आम आदमी पार्टी और समाजवादी पार्टी शामिल हैं।

चुनाव आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध है डेटा
डेटा को चुनाव आयोग की आधिकारिक वेबसाइट https://www.eci.gov.in/candidate-politicparty पर जाकर देखा जा सकता है। भारतीय स्टेट बैंक ने बुधवार को सुप्रीम कोर्ट में एक अनुपालन हलफनामा प्रस्तुत किया था, जिसमें पुष्टि की गई थी कि उसने भारत के चुनाव आयोग को इलेक्टोरल बॉन्ड योजना के संबंध में व्यापक विवरण प्रदान किया है। एसबीआई ने खरीद की तारीख, खरीददारों के नाम और चुनावी इलेक्टोरल बॉन्ड के मूल्यवर्ग सहित अन्य जानकारी प्रदान की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds