CG POLITICS : पांच लोकसभा सीटों पर बढ़ा सस्‍पेंस, कांग्रेस की दूसरी सूची में एक भी नाम नहीं

रायपुर। मंगलवार को आई कांग्रेस की दूसरी सूची के बाद छत्तीसगढ़ में पांच लोकसभा सीटों पर प्रत्याशियों का इंतजार और बढ़ गया है। जैसे उम्मीद की जा रही थी कि कांग्रेस की दूसरी सूची में लोकसभा सीटों के बाकी पांच दावेदारों के नाम जारी किए जाएंगे, लेकिन ऐसा हुआ नहीं है। राजधानी स्थित कांग्रेस दफ्तर में प्रत्याशियों के नामों को लेकर बेसब्री से इंतजार भी किया जा रहा था, लेकिन छह राज्यों के 43 प्रत्याशियों में से छत्तीसगढ़ के प्रत्याशियों के नाम घोषित नहीं हुए।

प्रदेश में लोकसभा क्षेत्र कांकेर, सरगुजा, बस्तर,रायगढ़,बिलासपुर  के लिए प्रत्याशियों की घोषणा होना बाकी है। इससे पहले कांग्रेस ने छह लोकसभा सीटों में से कोरबा से ज्योत्सना महंत, महासमुंद से ताम्रध्वज साहू, जांजगीर चांपा से शिवकुमार डहरिया, रायपुर से विकास उपाध्याय, दुर्ग से राजेंद्र साहू और राजनांदगांव से पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को प्रत्याशी घोषित कर दिया है। उल्लेखनीय है कि कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) की बैठक के बाद मंगलवार को दूसरी सूची जारी की गई थी।

प्रमुख सीटों पर फंसा पेंच

कांकेर

कांग्रेस की पांच सीटों पर पेंच फंसा हुआ है। इनमें कांकेर सीट से अनिला भेंडिया के नाम पर चर्चा हो रही है। इससे पहले पैनल में बीरेश ठाकुर व नरेश ठाकुर के नाम पर भी चर्चा की जा चुकी है। अंतिम निर्णय लिया जाना बाकी है।

बस्तर

बस्तर लोकसभा सीट से वर्तमान सांसद दीपक बैज की सीट भी फंसी हुई नजर आ रही है। दूसरी सूची में भी बस्तर से वर्तमान सांसद का नाम स्पष्ट नहीं हो पाया है। बैज वर्तमान में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हैं। इस सीट से विधायक कवासी लखमा के पुत्र हरीश लखमा का नाम भी चल रहा है। इसके अलावा विधायक लखेश्वर बघेल भी टिकट की दौड़ में शामिल हैं।

बिलासपुर

बिलासपुर लोकसभा सीट से ओबीसी वर्ग से यादव समाज से प्रत्याशी विष्णु यादव का नाम प्रमुखता से लिया जा रहा है, वहीं देवेंद्र यादव का नाम भी सामने आया है। केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में इस सीट पर भी निर्णय नहीं हो पाया है।

सरगुजा

सरगुजा लोकसभा सीट में शशि सिंह का नाम प्रमुख रूप से लिया जा रहा है, वहीं पैनल में पूर्व मंत्री अमरजीत भगत का नाम भी पूर्व में शामिल किया गया था। पूर्व मंत्री के नाम पर कांग्रेस के कुछ नेताओं ने आपत्ति भी जताई थी।

रायगढ़

रायगढ़ लोकसभा से डा. मेनका सिंह, लालजीत राठिया, चक्रधर सिदार और रामनाथ सिदार का नाम लिया जा रहा है। रायगढ़ की हाईप्रोफाइल सीट पर भी पेंच फंसा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds