छत्तीसगढ़ के नए राज्यपाल बने विश्वभूषण हरिचंदन

रायपुर: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा के छत्तीसगढ़ दौरे के एक दिन बाद ही यहां की राज्यपाल अनुसुईया उइके को हटा दिया गया है। उइके को मणिपुर का राज्यपाल बनाया गया है। वहीं आंध्र प्रदेश के राज्यपाल रहे विश्वभूषण हरिचंदन को छत्तीसगढ़ का नया राज्यपाल बनाया गया है। हरिचंदन पड़ोसी राज्य ओडिशा में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं।

केंद्र ने अनुसुईया उइके को मणिपुर भेजा, रमेश बैस महाराष्ट्र के गवर्नर

यह बदलाव महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी और लद्दाख के उप राज्यपाल राधाकृष्ण माथुर के इस्तीफे के साथ शुरू हुए हैं। कोश्यारी और माथुर ने कुछ दिन पहले इस्तीफा दिया था। राष्ट्रपति ने उनका इस्तीफा स्वीकार करते हुए उनको मुक्त कर दिया है। झारखंड के राज्यपाल रहे रमेश बैस को भगत सिंह कोश्यारी की जगह महाराष्ट्र का राज्यपाल बनाया गया है। वहीं लेफ्टिनेंट जनरल कैवल्य त्रिविक्रम परनाइक को अरुणाचल प्रदेश, लक्ष्मण प्रसाद आचार्य को सिक्किम, सीपी राधाकृष्णन को झारखंड और आंध्र प्रदेश में सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति एस. अब्दुल नजीर को राज्यपाल बनाया गया है।

राजस्थान में भाजपा विधायक दल के नेता गुलाब चंद कटारिया को असम का राज्यपाल बना दिया गया है। वहीं उत्तर प्रदेश के दिग्गज नेता शिव प्रताप शुक्ला को हिमाचल प्रदेश का राज्यपाल बनाया गया है। मणिपुर के राज्यपाल रहे एलए गणेशन को नगालैंड का राज्यपाल बनाया गया है। बिहार के राज्यपाल फागू चौहान को मेघालय भेजा गया है। वहीं हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर को बिहार का राज्यपाल बनाया गया है। वहीं ब्रिगेडियर बीसी मिश्रा अब केंद्र शासित लद्दाख के उप राज्यपाल होंगे। ब्रिगेडियर मिश्रा अभी तक अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल थे।

सीएम भूपेश ने नियुक्ति का किया स्वागत

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने नये राज्यपाल की नियुक्ति का स्वागत किया है। उन्होंने लिखा – मैं छत्तीसगढ़ की ओर से हमारे नये संवैधानिक अभिभावक का स्वागत करता हूं। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने लिखा – प्रदेश की पुण्य धरा पर विश्वभूषण जी का स्वागत है। मुझे विश्वास है कि आपके मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ संविधानिक अधिकारों की दिशा में सशक्त होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds