रायपुर में अविमुक्तेश्वरानंद महाराज बोले- जो राजनीतिक दल गो-माता को राष्ट्रमाता का दर्जा देगा, उसे देंगे समर्थन, गो हत्‍या पर दिया बड़ा बयान

रायपुर :  गो-माता को राष्ट्रमाता का दर्जा देने के लिए देशभर में जागरूकता अभियान चलाने का ऐलान किया गया है। यह ऐलान ज्योतिषपीठ के पीठाधीश्वर स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद महाराज एवं द्वारका शारदा पीठ के पीठाधीश्वर स्वामी सदानंद महाराज ने किया है।

अभियान के तहत सर्वप्रथम 10 मार्च को सुबह 10 बजे, मात्र 10 मिनट के लिए देशभर में प्रतीकात्मक शांतिपूर्ण बंद किया जाएगा। देशवासियों से अनुरोध किया गया है कि इस दिन मात्र 10 मिनट के लिए जहां हैं, वहीं से गोमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा देने भजन आदि गाकर आवाज उठाएं। यह ऐलान महाराजश्री ने राजधानी के बोरियाकला स्थित शंकराचार्य आश्रम में की।

दूसरे चरण में 14 को संसद मार्च

महाराज ने कहा कि इसके बाद भी यदि राष्ट्र माता का दर्जा नहीं दिया जाता तो दूसरे चरण में 14 मार्च को चारों शंकराचार्य के नेतृत्व में पैदल संसद मार्च किया जाएगा। इसमें देशभर से साधु, संत, आम नागरिक शामिल होंगे।

तीसरे चरण में गोवर्धन पर्वत की परिक्रमा

इसके पश्चात तीसरे चरण में लोकसभा चुनाव के पहले वृंदावन क्षेत्र में गोवर्धन पर्वत की 21 किलोमीटर की पैदल परिक्रमा की जाएगी। पैदल परिक्रमा करने भी देशभर से श्रद्धालु पहुंचेंगे।

स्वदेशी गाय को मिले दर्जा

महाराज ने कहा कि स्वदेशी गाय जिसे रामा गाय के नाम से जाना जाता है, उसे राष्ट्र माता का दर्जा मिले। गाय चाहे देशी हो या विदेशी, किसी भी गाय की हत्या ना की जाए। हत्या करने वाले को कठोर दंड मिलना चाहिए। यह तभी संभव है जब गो माता को राष्ट्र माता का दर्जा मिलेगा।

समर्थन देने वाले को समर्थन

महाराज ने कहा कि जो भी राजनीतिक दल घोषणा पत्र अथवा शपथ पत्र में गो माता को राष्ट्र माता का दर्जा देने की बात करेंगे। उन दलों को चुनाव में समर्थन दिया जाएगा। उन्होंने गो हत्‍या पर बड़ा बयान दिया है। महाराज ने कहा, गो हत्या से जुड़े लोगों की हम लिस्ट बना रहे हैं। पहली सूची चैत्र शुक्ल प्रतिपदा (9 अप्रैल) को जारी करेंगे और इसमें शामिल लोगों को हिंदू धर्म से बहिष्कृत किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds