CG : रायपुर में आज शुष्‍क रहेगा मौसम, दो मार्च के बाद बारिश के आसार

रायपुर : छत्‍तीसगढ़ के मौसम में पश्चिमी विक्षोभ के साथ आने वाली दक्षिणी हवाओं का असर दिख रहा है। मंगलवार को रायपुर सहित पूरे राज्‍य में मौसम में एक बार फिर बदलाव देखा गया। राज्‍य के उत्‍तरी हिस्‍से में कहीं बिजली गिरी तो कहीं तेज बारिश हुई। वहीं रायपुर में भी शाम के बाद मौसम ने करवट ले ली। राजधानी में ठंडी और तेज हवाओं का प्रभाव नजर आया। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी का छिटपुट असर होने की संभावना है। इसके बाद दो मार्च से एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ के आने के आसार बन रहे हैं।

मंगलवार को छत्‍तीसगढ़ के कई इलाकों में हुई बारिश और नमी के कारण दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। रायपुर में अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22.3 डिग्री दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान सामान्य रहा। जबकि प्रदेश भर में अंबिकापुर सबसे ठंडा रहा। यहां का न्यूनतम तापमान 14.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग का कहना है कि बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के कारण प्रदेश में मौसम बदला हुआ है। हालांकि बुधवार को मौसम शुष्‍क रहने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds