CG : नशे के सप्लाई चेन पर रायपुर पुलिस ने कसा शिकंजा, 10 दिनों में 26 लोगों को किया गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी पुलिस की नशे के खिलाफ निजात अभियान के तहत कार्रवाई जारी है। नशे के सप्लाई चेन पर रायपुर पुलिस ने शिकंजा कसा है। फरवरी के 10 दिनों में नारकोटिक्स एक्ट के 18 प्रकरणों में 26 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें से 10 अंतरराज्यीय तस्कर हैं। ओडिशा, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, दिल्ली और पंजाब से नशे की सप्लाई करने वालों को पकड़ा गया है। आरोपितों से एमडीएमए ड्रग्स, अफीम, सिरप, टेबलेट, गांजा और अवैध शराब जब्त की गई। अवैध शराब बिक्री, सप्लाई, सार्वजनिक स्थान में सेवन करने वाले 300 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

रायपुर पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह के दिशा-निर्देश पर पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई व जागरूकता अभियान निजात अभियान शुरू किया है। इसमें समस्त थाना एवं एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की टीम द्वारा लगातार कार्रवाई जारी है। 10 दिन में 79 किलो 136 ग्राम गांजा, 4.31 ग्राम एमडीएमए ड्रग्स, 21 ग्राम अफीम और 600 शीशी सिरप जब्त किया गया है।

आबकारी की भी कार्रवाई जारी

अवैध रूप से शराब का परिवहन, भंडारण तथा सार्वजनिक स्थानों में शराब पीने, पिलाने वालों के विरुद्ध भी कार्रवाई जारी है। आबकारी एक्ट के 31 प्रकरणों में 32 आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लगभग 181 लीटर शराब जब्त की गई। धारा 34 (1) आबकारी एक्ट के 65 प्रकरणों में 65 आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लगभग 194 लीटर शराब जब्त की गई है। सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने, पिलाने वालों के विरुद्ध धारा 36(सी) आबकारी एक्ट के तहत कुल 232 प्रकरणों में 238 आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लगभग 18 लीटर शराब जब्त की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds