पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बदला रायपुर का मौसम, आईएमडी की भविष्‍यवाणी, आज भी हो सकती है इन इलाकों में बारिश

रायपुर : राजधानी रायपुर में सोमवार को हुई बारिश के बाद आज मौसम में बड़ा बदलाव दिखा। मंगलवार को रायपुर सहित ग्रामीण इलाकों में सुबह हल्‍का कोहरा छाया रहा। दिन की शुरुआत कोहरे से हुई। हालांकि आज भी सुबह से आसमान में हल्‍के बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को राजधानी सहित प्रदेश के कई इलाकों में बारिश के आसार है। तापमान में अभी कोई परिवर्तन नहीं होगा।

मौसम विभाग ने दो दिन बाद रात के तापमान में कमी आने की संभावना जताई है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि दिन में भी मौसम सामान्य बना रहेगा। यानी सूर्यदेव की तपिश अभी नहीं बढ़ने वाली। अगले दो दिनों तक मौसम में विशेष बदलाव नहीं होगा। मंगलवार को कुछ इलाकों में बूंदाबांदी की संभावना अवश्य है। 15 फरवरी के बाद रात के तापमान में गिरावट आ सकती है।

पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बदला मौसम

इससे पहले सोमवार को पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के साथ ही बंगाल की खाड़ी से आ रही नम हवाओं से राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के कई क्षेत्रों में मौसम बदल गया। सुबह-सुबह घने कोहरे के साथ अच्छी वर्षा हुई। कई क्षेत्रों में शाम जैसा माहौल रहा।

मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि एक पश्चिमी विक्षोभ द्रोणिका के रूप में मध्य क्षोभमंडल में 5.8 किमी ऊंचाई पर है। इसके साथ ही प्रचुर मात्रा में बंगाल की खाड़ी से नमी आ रही है। इसके प्रभाव से प्रदेश में वर्षा हुई।

सबसे गर्म रहा राजनांदगांव जिला

सोमवार को प्रदेश के प्रमुख शहरों में राजनांदगांव सबसे गर्म रहा। दिन का तापमान 33 डिग्री दर्ज किया गया। रात में यह 17 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग की दैनिक रिपोर्ट के अनुसार रायपुर में अधिकतम तापमान 30.4 व न्यूनतम तापमान 17.4, बिलासपुर में 27.8 व 16.6 और दुर्ग में यह क्रमश: 30.6 व 15.6 डिग्री दर्ज किया गया। हालांकि दंतेवाड़ा में भी दिन का तापमान 33 डिग्री ही दर्ज किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds