मिट्टी से सना हुआ मिला अज्ञात युवक का शव, शरीर पर नहीं थे कपड़े; शिनाख्त में जुटी पुलिस

जांजगीर चांपा : अकलतरा थाना क्षेत्र के कटनई गांव में एक युवक का खेत के अंदर मिट्टी से लथपत नग्न अवस्था में शव मिला है। खेत में काम कर रहे ग्रामीणों ने शव देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
अकलतरा थाना प्रभारी टीएस पट्टावी ने बताया कि सूचना मिली थी कि कटनई गांव में खेत के अंदर एक युवक की लाश कीचड़ से लथपत नग्न अवस्था में पड़ी है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और लाश को खेत से बाहर निकाला गया है। मृतक युवक की उम्र लगभग 30 वर्ष है। युवक ने कोई कपड़ा नहीं पहना हुआ था। शरीर में किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं मिले। युवक की मौत कैसे हुई है यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगा।
वहीं, ग्रामीणों से पूछताछ करने पर पता चला है कि युवक मंदबुद्धि का था और गांव में घूमता रहता था। कहा से आया है और कहां का रहने वाला है, इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है। मृतक अज्ञात युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। साथ ही फोटो को जिले के सीमावर्तीय थाना क्षेत्र को भेजी गई है, ताकि युवक की पहचान हो सके और शव को परिजनों के दिया जा सके।