चरित्र शंका पर पत्नी की हत्या कर पति ने लगा ली फांसी

अंबिकापुर। बलरामपुर जिले के शंकरगढ थाना क्षेत्र के मनोहरपुर में पत्नी की हत्या कर आरोपित पति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। चरित्र शंका पर पत्नी की हत्या के बाद आरोपित पति घर से भाग गया था। पुलिस उसकी खोजबीन कर रही थी। इसी बीच उसकी लाश पेड़ पर लटकी मिली।

शंकरगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत मनोहरपुर के आश्रित ग्राम मदपुर पाठ निवासी अंधरु राम नगेशिया (40) पत्नी लक्ष्मनिया व बेटी के साथ रहता था। वह पत्नी के चरित्र पर शंका करता था। उसे संदेह था कि पत्नी के दूसरे से संबंध हैं। घटना दिवस गुरुवार को उसकी बेटी नजदीक में रहने वाली दादी के यहां सोई हुई थी। घर में पति-पत्नी ही थे।

सुबह जब बेटी घर पहुंची तो देखा कि उसकी मां की लाश पड़ी है। गले में स्टाल फंसा हुआ था। उसने स्वजन को जानकारी दी। सूचना पर पुलिस पहुंची थी। घटनास्थल की परिस्थितियों को देखकर अनुमान लगाया जा रहा था कि पति ने रात को पत्नी की उसके ही स्टॉल से गला घोंटकर हत्या कर दी।पुलिस धारा 302 के तहत अपराध पंजीकृत कर आरोपित की खोजबीन में जुटी हुई थी।

इसी दौरान अंधरु राम का शव गांव से लगे नदी के पास आम के पेड़ पर फांसी के फंदे पर लटका मिला। गांव के ही एक युवक ने मवेशी चराने जाने के दौरान पेड़ के नीचे जूता पड़ा देखा। जब वह पेड़ के पास गया तो अंधरु राम का शव धोती के सहारे पेड़ पर लटका दिखा। आशंका जताई जा रही है कि पत्नी की हत्या करने के बाद उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds