CG : कांग्रेस सांसद के दक्षिण भारत को देश बनाने की मांग पर बीजेपी की आपत्ति; कहा- यही है राहुल की यात्रा का असर

रायपुर : कर्नाटक सरकार में उप-मुख्यमंत्री के भाई और कांग्रेस से बेंगलुरु (ग्रामीण) से लोकसभा सांसद डीके सुरेश के दक्षिण भारत को अलग देश बनाने की मांग पर  छत्तीसगढ़ बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव ने कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि अब समझ में आ गया कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का यही असर है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि  अब पता चला कि राहुल गांधी वास्तव में कौन सी यात्रा निकाल रहे हैं। ये उनकी तथाकथित भारत तोड़ो यात्रा का ही असर है कि कांग्रेस के सांसद दक्षिण भारत को देश से तोड़कर एक अलग राष्ट्र बनाने की बात कर रहे हैं। आज सिद्ध हो गया कि राहुल गांधी भारत तोड़ो यात्रा निकाल रहे हैं। भाजपा कांग्रेस सांसद के इस दुर्भाग्यपूर्ण बयान की कड़ी निंदा करती है। ऐसे मानसिकता वाले लोगों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। क्या सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका वाड्रा डीके सुरेश के देश को तोड़ने वाले बयान की निंदा करेंगे? क्या कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे अपने सांसद डीके सुरेश को इस अक्षम्य अपराध के लिए पार्टी से निष्कासित करने का साहस दिखायेगी?

क्या था मामला

सांसद डीके सुरेश ने बजट पेश होने के बाद कहा था कि हमारी मांग है कि हमें अपने कर्नाटक से जीएसटी, सीमा शुल्क और प्रत्यक्ष करों में अपना हिस्सा मिलना चाहिए। हम दक्षिण भारत के साथ बहुत अन्याय देख रहे हैं। हम अपने हिस्से का पैसा उत्तर भारत में बंटते हुए देख रहे हैं। अगर आज हम इसकी निंदा नहीं करेंगे, तो आने वाले दिनों में हमें दक्षिण भारत के लिए एक अलग देश बनाने का प्रस्ताव रखना पड़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds