शराब जब्त करने पर बवाल: ग्रामीणों ने चौकी के अंदर घुसकर पुलिसकर्मियों से की मारपीट

कोरबा : जटगा चौकी पुलिस ने कल रात को अवैध शराब बिक्री को लेकर एक ग्रामीण पर कार्रवाई की थी। इसके बाद काफी संख्या में ग्रामीणों ने चौकी का घेराव करते हुए पुलिसकर्मियों से मारपीट की और तोड़फोड़ भी की। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तोड़फोड़ और मारपीट करने वाले आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लगभग 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।

जानकारी के अनुसार, अवैध शराब बिक्री पर कार्रवाई करते हुए पुलिस कुछ लोगों को लेकर जटगा चौकी पहुंची। इस कार्रवाई का विरोध करते हुए भारी संख्या में ग्रामीण पुलिस चौकी पहुंच गए और विरोध करने लगे। इस दौरान पुलिस के साथ ग्रामीणों का विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि ग्रामीण और पुलिस के बीच झूमा-झटकी शुरू हो गई। मारपीट और झूमा-झटकी का वीडियो चौकी में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गया।

कटघोरा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नेहा वर्मा ने बताया कि जटगा चौकी पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव में अवैध रूप से शराब की बिक्री होती है और शराब बनाई भी जाती है। इस सूचना पर चौकी प्रभारी टीम के साथ मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते आरोपी को चौकी लेकर आए। इसके बाद काफी संख्या में ग्रामीणों ने चौकी के अंदर घुसकर पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट और तोड़फोड़ की।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने लोगों से अपील की कि कभी भी लोग आक्रोश में आकर शासकीय संपत्ति को नुकसान न पहुंचाएं। वहीं, शासकीय काम में बाधा न डालें नहीं तो कार्रवाई हो सकती है। फिलहाल इस कार्रवाई के बाद ग्रामीणों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस ने 12 लोगों को सीसीटीवी में कैद वीडियो के आधार पर पहचान करते हुए गिरफ्तार किया है। वहीं, अन्य लोगों की भी तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds