बाल संप्रेक्षण गृह की खिड़की तोड़कर भागे छह अपचारी बालक, हत्या और दुष्कर्म जैसे मामलों में थे बंद

रायपुर : माना स्थित बाल संप्रेक्षण गृह की सुरक्षा भगवान भरोसे है। यही वजह है कि एक महीने में दो बार अपचारी बालक यहां से भाग गए। सुरक्षा में कोई सुधार नहीं हुआ। इस बार खिड़की तोड़कर छह अपचारी बालक फरार हो गए। पुलिस ने एक अपचारी बालक को पकड़ लिया है। फरार होने वाले एक अपचारी बालक पर हत्या और दुष्कर्म का केस भी दर्ज है। भागने वाले अपचारी बालकों के खिलाफ माना पुलिस ने अपराध दर्ज कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक शासकीय बाल संप्रेक्षण गृह से मंगलवार की रात सभी अपचारी बालक अपने-अपने कमरे में थे। इस बीच रात करीब 12.45 बजे कक्ष क्रमांक-1 की खिड़की में लगे लोहे को कुछ अपचारी बालकों ने तोड़ दिया। इसके बाद एक-एक करके सात अपचारी बालक संप्रेक्षण गृह से फरार हो गए। अगले दिन इसकी जानकारी संप्रेक्षण गृह प्रबंधन ने माना पुलिस को दी। पुलिस ने आसपास के इलाके से एक अपचारी बालक को पकड़ लिया। बाकी छह अपचारी बालकों को अब तक पता नहीं चल पाया है।

हत्या के आरोपित है शामिल

संप्रेक्षण गृह से भागने वालों में दो अपचारी बालक हत्या कर चुके हैं। इनमें करीब साल भर पहले सड्डू के वृंदावन कालोनी के एक पांच साल की मासूम से दुष्कर्म और फिर उसकी हत्या करने वाला भी शामिल हैं। साथ में दुर्गा विसर्जन के दौरान ताज नगर में एक युवक की हत्या करने वाला भी है। बाकी अपचारी बालक मादक पदार्थ बेचने और चोरी के आरोप में संप्रेक्षण गृह में थे।

पिछली बार सुरक्षाकर्मी को पीटा था

लगभग एक माह पहले भी संप्रेक्षण गृह के पिछले हिस्से की लोहे की जाली तोड़कर दह अपचारी बालक भाग निकले थे। भागने से पहले उन्होंने सुरक्षाकर्मी पर जानलेवा हमला किया था। उसकी जान लेने की कोशिश की थी। इसके बाद भी सुरक्षा व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ है। यही वजह है कि अब दूसरी बार अपचारी बालक वहां से भाग निकले। वहीं एक वीडियो भी वहां का प्रसारित हुआ था। वीडियो में ये मादक पदार्थ के साथ नजर आए था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds