लॉगिन

प्रधानमंत्री मोदी ने ट्विन-कुकटॉप मॉडल का किया अनावरण, कहा “देश में ऊर्जा की जरूरत बढ़ती जा रही”

National February 6, 2023 रिपोर्टर: shailesh
प्रधानमंत्री मोदी ने ट्विन-कुकटॉप मॉडल का किया अनावरण, कहा  “देश में ऊर्जा की जरूरत बढ़ती जा रही”

प्रधानमंत्री मोदी ने ट्विन-कुकटॉप मॉडल का किया अनावरण, कहा “देश में ऊर्जा की जरूरत बढ़ती जा रही”

बेंगलरु : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को बेंगलुरु में भारत ऊर्जा सप्ताह 2023 कार्यक्रम में भाग लिया। इस कार्यक्रम में केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी, राज्यपाल थावरचंद गहलोत और सीएम बसवराज बोम्मई भी मौजूद हैं। कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने इंडियन ऑयल द्वारा विकसित सोलर कुकिंग सिस्टम के ट्विन-कुकटॉप मॉडल का अनावरण किया। इस कार्यक्रम के दौरान उन्होंने अपना संबोधन भी दिया। अपने संबोधन में सबसे पहले उन्होंने तुर्किए के भूकंप में मारे गए लोगों के प्रति संवेदना जताई। पीएम मोदी ने कहा कि इस समय तुर्की में आए भूकंप पर हम सभी की नजर बनी हुई है। कई लोगों की मृत्यु और काफी नुकसान की खबरें हैं। तुर्की के आसपास के देशों में भी नुकसान की आशंका है। भारत भूकंप पीड़ितों की हर संभव मदद के लिए तत्पर है।

बेंगलुरु टेक्नोलॉजी, टैलेंट और इनोवेशन की एनर्जी से भरा शहर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि बेंगलुरु टेक्नोलॉजी, टैलेंट और इनोवेशन की एनर्जी से भरा एक शहर है। मेरी तरह आप भी यहां के युवा ऊर्जा को अनुभव कर रहे होंगे। ये भारत की जी-20 प्रेसिडेंसी कैलेंडर का पहला बड़ा एनर्जी इवेंट है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश में ऊर्जा की जरूरत लगातार बढ़ती जा रही है। लोगों की जरूरत पूरी करने के लिए हमारी सरकार हर मोर्चे पर तैयार है।

आठ फरवरी तक चलेगा भारत ऊर्जा सप्ताह

भारत ऊर्जा सप्ताह (IEW) 2023 आठ फरवरी तक बेंगलुरु में आयोजित किया जाएगा। इसका मकसद ऊर्जा परिवर्तन के केंद्र के रूप में भारत की बढ़ती ताकत को प्रदर्शित करना है। कार्यक्रम के दौरान पारंपरिक और गैर पारंपरिक ऊर्जा उद्योग, सरकार के प्रतिनिधि और विशेषज्ञ एक मंच पर आएंगे और ऊर्जा परिवर्तन के समक्ष चुनौतियों और अवसरों पर चर्चा करेंगे।

प्रधानमंत्री मोदी 20 प्रतिशत एथनॉल के साथ मिश्रित पेट्रोल भी लॉन्च करेंगे। जिसके बाद 11 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 84 खुदरा पेट्रोल पंपों पर E20 ईंधन (E20 fuel) की बिक्री शुरू हो जाएगी। E20 पेट्रोल के साथ 20 प्रतिशत एथनॉल का मिश्रण है।

जानकारी के मुताबिक, सरकार का लक्ष्य 2025 तक एथनॉल के पूर्ण 20 प्रतिशत सम्मिश्रण को प्राप्त करना है। इस उद्देश्य को हासिल करने के लिए तेल विपणन कंपनियां 2G-3G इथेनॉल संयंत्र स्थापित कर रही हैं। भारत ने 2025 तक पेट्रोल में 20 फीसदी एथनॉल मिलाने का लक्ष्य रखा था, लेकिन उसे दो साल पहले ही हासिल कर लिया।

 

ग्रीन मोबिलिटी रैली को भी हरी झंडी दिखाएंगे

पीएम ग्रीन मोबिलिटी रैली को भी हरी झंडी दिखाएंगे, इसमें स्वच्छ ईंधन के प्रति लोगों में जागरूकता फैलाने के लिए स्वच्छ ईंधन से चलने वाले वाहन शामिल होंगे।

हेलिकॉप्टर फैक्टरी देश को करेंगे समर्पित

प्रधानमंत्री कर्नाटक के ही तुमकुरु में हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड के हेलिकॉप्टर फैक्टरी को भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इस फैक्टरी की आधारशिला भी उन्होंने ही 2016 में रखी थी। यह समर्पित ग्रीनफील्ड हेलिकॉप्टर फैक्टरी है। यह एशिया की सबसे बड़ी हेलिकॉप्टर फैक्टरी भी है, जिससे हाल के हेलिकॉप्टर निर्माण क्षमता को मजबूती मिलेगी।

खबर शेयर करें:

This will close in 20 seconds