राबड़ी सरकार में रहे मंत्री, भाजपा में आने के बाद छह साल में ही बने डिप्टी सीएम, जानें कौन हैं सम्राट चौधरी

पटना : बिहार में नीतीश कुमार एक बार फिर भाजपा के साथ मिलकर राज्य में सरकार बनाने जा रहे हैं। भाजपा ने नीतीश को समर्थन देने का एलान कर दिया है। भाजपा ने बताया कि उनके विधायक दल की बैठक में प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी को विधायक दल का नेता चुन लिया गया है और विजय सिन्हा को उपनेता चुना गया है। इससे साफ हो गया है कि नई सरकार में सीएम नीतीश कुमार के साथ सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा को डिप्टी सीएम बनाया जाएगा।
कौन हैं सम्राट चौधरी
16 नवंबर, 1968 में जन्में सम्राट चौधरी बिहार के नए डिप्टी सीएम बनने जा रहे हैं। जो लोग नहीं जानते, उन्हें बता दें कि सम्राट चौधरी, शकुनी चौधरी के बेटे हैं। बिहार की राजनीति में शकुनी चौधरी बड़ा नाम रहे हैं। समता पार्टी के संस्थापक सदस्यों में शकुनी चौधरी भी एक हैं। बिहार में कुशवाहा समाज के बड़े नेताओं में शकुनी चौधरी शुमार किए जाते हैं। अब सम्राट चौधरी अपने पिता की विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं।
साल 1990 में सक्रिय राजनीति में उतरने वाले सम्राट चौधरी ने अपने करियर की शुरुआत राष्ट्रीय जनता दल से की थी। साल 1999 में बिहार की राबड़ी सरकार में सम्राट चौधरी कृषि मंत्री भी रहे। हालांकि उनकी कम उम्र को लेकर विवाद हुआ और उन्हें अयोग्य घोषित कर दिया गया। साल 2018 में सम्राट चौधरी ने राजद से नाता तोड़कर भाजपा की सदस्यता ली। भाजपा में आने के बाद से सम्राट चौधरी का राजनीतिक कद लगातार बढ़ता गया और पार्टी ने साल 2022 में उन्हें प्रदेश अध्यक्ष बनाया।