16 वर्ष की उम्र में गायब युवक मुंबई से मिला, सिम से मिली लोकेशन, 6 साल बाद गले लगा तो फफक कर रोई मां, पढ़िये ये रोचक खबर

ग्वालियर। दसवींं कक्षा पास कर पिता की डांट और पिटाई के बाद झगड़ा कर घर 16 साल की उम्र में भागा युवक 6 साल बाद रियल इस्टेट में काम कर लाखों रुपए कमाता है। इस बीच में कभी होटल पर काम करता है तो कभी पान की दुकान पर, कई शहर बदलते हुए आखिरकार मुंबई में जाकर ठहर जाता है।
कोई फिल्म की कहानी नहीं
यह स्टोरी किसी फिल्म की नहीं है , यह किस्सा शहर के एक युवक से जुड़ा हुआ है। 2018 में गदईपुरा से गुमशुदा हुए आशू राजपूत को पुलिस ने 6 साल बाद मुंबई से खोज निकाला और मंगलवार को उस युवक को उसके परिवार से मिला दिया ।
फफक कर रो पड़ी मां
6 साल बाद अपने बेटे को देखकर उसकी मां फफक कर रो पड़ी और अपने बेटे को सीने से लगा लिया । दरअसल आशू राजपूत 20 सितंबर 2018 में अपने पिता की डांट और मारपीट से नाराज होकर बिना बताए घर से चला गया था। घरवालों ने पहले बेटे को खोजा और नहीं मिलने पर परेशान होकर बेटे की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई । पुलिस ने युवक की खोज शुरू कर दी, बीते दिनों मुंबई में सिम खरीदने पर जब उसका आइडी कार्ड उपयोग में आया तो पुलिस ने युवक की लोकेशन ट्रेस कर उसे खोज लिया और वापस ग्वालियर ले आई।
6 साल में बदले 3 शहर और 4 काम
22 साल की उम्र में वापस आए युवक ने अपने बीते 6 साल के समय के बारे में बताया तो मालूम चला कि वह इन दिनों में तीन शहरों में रहा । घर से भागकर वह सबसे पहले कानपुर गया जहां जाकर उसने 6 से 7 महीने होटल में काम किया । फिर वहां से भी चार महीने के लिए नोएडा जाकर वहां के एक होटल में काम किया । जब वहां भी मन नहीं लगा तो युवक ने सीधा मुंबई का रास्ता पकड़ा और 2019 में सीधा मुंबई के अंधेरी वेस्ट में आ गया । यहां पर शुरूआत में उसने पान की दुकान पर काम किया उसके बाद एक होटल में काम करने लगा , इसके बाद काल सेंटर और अंत में रियल इस्टेट में काम करने लगा ।
काम के साथ रखा पढ़ाई का ध्यान
घर से भागने पर युवक ने न सिर्फ अपने गुजारे के लिए काम किया बल्कि अपनी पढ़ाई भी पूरी की । घर से जब वह गया तो सिर्फ 10वीं पास था, इन छह वर्षों में उसने पहले 12वीं और फिर बीएससी की पढ़ाई पूरी की । 10वी पास कर घर से गया नाबालिग बच्चा 22 साल की उम्र में ग्रेजुएशन के साथ वापस आया । बता दें कि उसके घर पर विवाद ही उसकी पढ़ाई को लेकर होता था। जब वह कोचिंग नहीं जाता था तो उसके पिता उसे मारते पीटते थे।
10 हजार का इनाम भी घोषित
युवक के लापता होने के बाद भी जब उसकी कोई सूचना नहीं मिली तो उसके बारे में सूचना देने वाले को 10 हजार रुपए का इनाम दिये जाने की भी घोषणा हुई। 4 जनवरी 2020 में जिला ग्वालियर के एसपी ने अपहृत युवक आशू की जानकारी देने पर इनाम दिए जाने की आधिकारिक घोषणा कर दी थी।