पं. धीरेंद्र शास्त्री ने उम्मीद जताते हुए कहा, राम आए हैं अब छत्तीसगढ़ में रुकेगा मतांतरण

रायपुर : अयोध्या में प्रभु श्रीराम विराजमान हो चुके हैं। अखंड भारत निर्माण की ओर भारतवासी आगे बढ़ रहे हैं। छत्तीसगढ़ में मतांतरित हो चुके लोगों को वापस हिंदू धर्म में लाने की तैयारी है। यहां के कण-कण में और प्रत्येक हृदय में प्रभु श्रीराम बसे हैं। प्रभु श्रीराम का आगमन हो चुका है। अब राज्य में मतांतरण अवश्य रुकेगा। यह बातें बागेश्वर धाम वाले पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहीं। कोटा रोड पर प्रारंभ हुई पांच दिवसीय हनुमंत कथा के लिए बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण राजधानी पहुंचे हैं।
त्रेता युग के बाद अब द्वापर युग की तैयारी
उन्होंने कहा कि मतांतरित हो चुके लोगों की घर वापसी का प्रयास किया जा रहा है। प्रभु की कृपा से सब ठीक होगा। साल बदलने के साथ ही छत्तीसगढ़ का हाल भी बदल चुका है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि रामलला की प्राण प्रतिष्ठा से देशभर में खुशियां छाई हैं, त्रेता युग के पश्चात अब द्वापर युग की बारी है। विवेकानंद विद्यापीठ के सामने मैदान में 25 जनवरी को मतांतरित हो चुके लोगों की घर वापसी का कार्यक्रम आयोजित किया गया है।