छत्‍तीसगढ़ में मौसम ने बदली करवट, उत्‍तरी ठंडी हवाओं से लुढ़का पारा, फिर बढ़ी ठंड

रायपुर।  छत्‍तीसगढ़ में मौसम ने करवट बदली है और उत्तर से आने वाली ठंडी हवाओं के प्रभाव से ठंड एक बार फिर से लौटने लगी है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले कुछ दिनों में न्यूनतम तापमान में गिरावट आने से ठंड और बढ़ेगी।

मौसम विज्ञानियों का कहना है कि उत्तर से अब ठंडी और शुष्क हवाएं आएंगी। इसके चलते अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आएगी। इससे ठंड में भी बढ़ोतरी होगी। गुरुवार को प्रदेशभर में कोरिया सबसे ठंडा रहा, कृषि विज्ञान केंद्र कोरिया में न्यूनतम तापमान 11.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री रहा, जो सामान्य से चार डिग्री ज्यादा रहा। मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि प्रदेश में मौसम का मिजाज अभी ऐसा ही रहेगा। उत्तर से आने वाली ठंडी हवाएं अब ठंड बढ़ाएंगी।

दिनभर छाए रहे बादल, कुछ क्षेत्रों में हुई बारिश

गुरुवार सुबह से ही रायपुर सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में बादल छाए रहे। साथ ही प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हल्की बारिश भी हुई। दिन में बादल छाए रहने व हल्की बारिश के कारण प्रदेश में अधिकतम तापमान में पांच डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है, हालांकि न्यूनतम तापमान बढ़ा है। उत्तर से आने वाली ठंडी हवाओं ने ठंड भी बढ़ा दी है। मौसम का करवट बदलते ही गुरुवार को इतने दिनों से ठंडा पड़े गर्म कपड़ों के स्टालों में ग्राहकों की थोड़ी भीड़ भी नजर आई। गर्म कपड़ों पर 60 प्रतिशत तक की छूट दी जा रही है।

रायपुर का अधिकतम तापमान दो डिग्री और बिलासपुर का पांच डिग्री गिरा

गुरुवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 26.6 डिग्री रहा, जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम रहा। इसी प्रकार बिलासपुर का अधिकतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस कम रहा। राजनांदगांव व अंबिकापुर को छोड़ प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में अधिकतम तापमान में गिरावट है। इसी प्रकार न्यूनतम तापमान में पांच डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी आई। रायपुर का न्यूनतम तापमान 19.0 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds