अयोध्या में रामभद्राचार्य के अमृत महोत्सव में नृत्य प्रस्तुति देंगी हेमा मालिनी, साझा किया वीडियो

मुंबई : अयोध्या में राम मंदिर के उद्घाटन की तैयारियां धूम धाम से की जा रही हैं। 22 जनवरी को राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम है, जिसमें कई दिग्गज हस्तियां शामिल होंगी। साथ ही बॉलीवुड के भी कई कलाकार कार्यक्रम में उपस्थित होंगे। एक ओर रामनगरी अयोध्या में राम मंदिर के उद्घाटन समारोह की धूम मची हुई है तो वहीं अब यहां एक और बड़ा समारोह आयोजित किया जा रहा है।

अयोध्या में जगद्गुरु रामानंदाचार्य स्वामी रामभद्राचार्य का अमृत महोत्सव समारोह का आयोजन यहां 14 जनवरी से 22 जनवरी तक होगा। इस समारोह में कई कलाकार हिस्सा लेंगे, जिसमें बॉलीवुड अभिनेत्री और बीजेपी सांसद हेमा मालिनी भी शामिल होंगी। साथ ही वे इस समारोह में शानदार प्रस्तुति पेश करने वाली हैं, जिसकी जानकारी खुद उन्होंने एक वीडियो जारी करते हुए दी है।

हेमा मालिनी पेश करेंगी नृत्य प्रस्तुति

हेमा मालिनी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया। वीडियो में उन्होंने कहा, ‘मैं राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के समय पहली बार अयोध्या जा रही हूं। मुझे खुशी है कि 22 जनवरी को रामलला की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा के साथ वहां एक भव्य मंदिर का उद्घाटन होने जा रहा है। यहां 17 जनवरी को स्वामी रामभद्राचार्य के अमृत महोत्सव समारोह में मुझे भी कार्यक्रम प्रस्तुत करने का मौका मिला है, जिसमें मैं शाम सात बजे रामायण पर आधारित एक नृत्य नाटिका प्रस्तुत करूंगी।

ये हस्तियां देंगी प्रस्तुति

अयोध्या में यह कार्यक्रम आज रविवार, 14 जनवरी से शुरू होगा और 22 जनवरी तक चलेगा। आज समारोह के पहले दिन मालिनी अवस्थी कार्यक्रम में प्रस्तुति देंगी। 15 जनवरी को उज्जैन के शर्मा बंधु और 16 जनवरी को नलिनी कमलिनी का कार्यक्रम होगा। वहीं, 17 जनवरी को अभिनेत्री हेमा मालिनी नृत्य प्रस्तुति देंगी और 18 तारीख को कन्हैया मित्तल, 19 जनवरी को मनोज मुंतशिर और 20 को अनूप जलोटा की भजन संध्या का कार्यक्रम होगा। वहीं, कार्यक्रम के अंतिम दिन कुमार विश्वास की राम कथा आयोजित की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds