धान खरीदी के लिए 13 दिन शेष, 40 हजार से अधिक किसानों ने नहीं बेचा धान, खरीदी की अंतिम तिथि बढ़ाने राज्य शासन की मांग

रायपुर : धान खरीदी के लिए बमुश्किल 13 कार्यदिवस शेष हैं और अभी भी जिले के 40 हजार से अधिक किसान धान नहीं बेच पाए हैं। तय समय में धान की शत प्रतिशत खरीदी हो पाएगी इसे लेकर संशय की स्थिति है। ऐसे में किसान संगठनों के साथ-साथ कांग्रेस भी धान खरीदी की मियाद बढाने की मांग कर रही है।

दरअसल, राज्य शासन ने 31 जनवरी तक धान खरीदी का निर्णय लिया है। जिले में 83 हजार 654 किसानों ने धान खरीदी के लिए पंजीयन कराया है। अब तक की स्थिति में 53 हजार किसानों से तकरीबन 30 लाख क्विंटल धान खरीदी हुई है जबकि अभी लगभग 40 हजार धान खरीदी से वंचित है। धान खरीदी के लिए वैसे तो 20 दिन शेष हैं लेकिन छुट्टियों की वजह से मुश्किल 13 दिन ही खरीदी के लिए कार्यदिवस होगा। ऐसे में इतने कम समय में धान खरीदी पूरी हो पाएगी या नहीं इसे लेकर संशय की स्थिति है।

एक तरफ किसान धान खरीदी को लेकर चिंतित हैं तो वहीं किसान संगठन भी धान खरीदी की तारीख बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। रायगढ़ संघर्ष मोर्चा का कहना है कि फसल कटाई में देरी होने और समितियों में टोकन जारी होने में देरी की वजह से धान खरीदी में दिक्कतें हुई हैं। ऐसे में राज्य शासन को किसानों की समस्या को देखते हुए धान खरीदी की तारीख बढ़ानी चाहिए। इधर कांग्रेस ने भी किसानों के हितों को देखते हुए राज्य शासन से खरीदी की अंतिम तिथि बढ़ाने की मांग की है। कांग्रेस का कहना है कि कांग्रेस किसानों के साथ खड़ी है और अगर इसके लिए ठोस कदम उठाने की जरुरत पड़ती है तो कांग्रेस पीछे नहीं हटेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds