प्रशासनिक सर्जरी पर गृहमंत्री ने कहा, यह है सामान्य प्रशासनिक प्रक्रिया, बेहतर परिणाम के लिए बदलाव

रायपुर। छत्तीसगढ़ में सरकार परिवर्तन के साथ ही प्रशासनिक फेरबदल के कयास लगाए जा रहे थे। आखिरकार बुधवार की देर रात सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल कर दिया है। इस बडे़े फेरबदल में प्रदेश के 18 जिलों के कलेक्टरों का तबादला किया गया है। 88 IAS और 1 IPS को नई जिम्मेदारी दी गई है।

इसी मसले को लेकर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा है कि, यह सामान्य प्रशासनिक प्रक्रिया है। श्री शर्मा ने कहा कि, हमारा प्रयास है कि, बेहतर ढंग से काम काज हो, इसी सोच के तहत प्रशासन में बदलाव किया गया है। कुछ अफसरों को लूप लाइन में भेजे जाने संबंधी सवाल पर उन्होंने कहा कि, लूप लाइन जैसी बात नहीं होती, हमारे विचार से हर काम महत्वपूर्ण है।

बेहतर परिणाम लाना है- नेताम

कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने छत्तीसगढ़ में बड़ी प्रशासनिक सर्जरी को लेकर कहा कि, बेहतर परिणाम लाना है। उस दृष्टि से प्रशासनिक सर्जरी हुई है। यह सब रूटीन का हिस्सा है, आगे भी चलता रहेगा।

कांग्रेसी अब पांच साल यात्राएं करें

कैबिनेट बैठक में 3100 रुपए में धान खरीदी का आदेश जारी नहीं होने को लेकर कांग्रेस के सवाल उठाने पर कहा कि, कांग्रेस आरोप लगाने के अलावा और क्या कर सकती है। हम अच्छा काम करेंगे तो भी वे आरोप ही लगाएंगे, हमारी अभी शुरुआत हुई है। हमने वादा किया है 21 क्विंटल 3100 रूपए में खरीदेंगे, जल्दी ही इसे पूरा किया जाएगा।  वहीं कांग्रेस की यात्राओं पर श्री नेताम ने कहा कि, अच्छा है… अब कांग्रेसी पांच साल यात्राएं करें। इससे उनकी सेहत भी अच्छी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds