CG : 54 मजदूर, 11 महीने…, पीएम मोदी के लिए गाय के गोबर से बनी है यह खास चटाई…

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के कलाकारों ने गोबर की चटाई बनाई है। 11 महीने की कड़ी मेहनत के बाद यह चटाई तैयार की गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को यह चटाई भेंट की जाएगी। इसे बनाने वाले ने कहा कि गोबर की कालीन, चरक ऋषि की चरक चटाई है। इसका शास्त्रों में वर्णन है। हमने उसे ही बनाने की कोशिश की है। इसे बनाने में काफी समय लगा है। 54 कारीगरों ने मिलकर इसे 11 महीने में तैयार किया है। इसे बनाने में बहुत सारे स्किल्ड कारीगर भी लगे जो बांस की चटाई बनाते हैं।

गोबर की चटाई बनाने वाले ने कहा कि इसमें हमारे गौशाला के कर्मचारी भी लगे हैं। इसे बनाने में हमारे लोगों को काफी मेहनत करनी पड़ी है। मनोहर गौशाला खैरागढ़ में स्थित है। यह रायपुर से 80 किमी दूर है। गौशाला संचालक अखिल जैन ने कहा कि यह चटाई पूरी तरह से गौमूत्र और गोबर से निर्मित है। उन्होंने कहा कि इसे बनाने के लिए हम पांच साल से कोशिश कर रहे थे। यह चटाई हमने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए तैयार की है।

उन्होंने कहा कि हम गौशाला में गोबर के दीपक और गणपति जी को भी बनाते हैं। गौशाला संचालक अखिल जैन ने कहा कि यह भेंट स्वरूप हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देंगे। यह बनकर तैयार है, हम उन्हें जल्द ही कुरियर करने वाले हैं। उन्होंने कहा कि यह सौम्या कामधेनु गाय के गोबर से बना है। गौशाला संचालक ने इसे बनाने की पूरी विधि बनाई है।

वहीं, साधारण और गोबर की चटाई में उन्होंने अंतर बताते हुए कहा कि प्लास्टिक मानव समाज का दुश्मन है। हम अब पुराने दौर में लौट रहे हैं। गाय के अंदर लक्ष्मी का वास होता है। हम बहुत बारीकी से काम कर रहे हैं। हम मानव स्वास्थ्य के अच्छे संवर्धन के लिए काम कर रहे हैं। इस चटाई में आरोग्य के देव विराजमान हैं। इससे कई रोगों का निराकरण भी होगा।

गौरतलब है कि गोबर से बनी यह चटाई देखने में बहुत खूबसूरत है। हालांकि प्रयोग के तौर पर इसे बनाने में काफी वक्त लगा है। गौशाला के संचालक ने कहा कि आने वाले दिनों में इसकी मांग बढ़ेगी। हम ज्यादा आसानी से इसे बना सकेंगे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds