मंत्रिमंडल विस्‍तार पर सीएम साय का बड़ा बयान, बोले- नए और पुराने चेहरों को कैबिनेट में मिलेगी जगह

रायपुर : छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार के मंत्रिमंडल के 10 सदस्यों के नाम को लेकर सस्‍पेंस बना हुआ है। इसी बीच दिल्‍ली में भाजपा के वरिष्‍ठ नेताओं से मुलाकात कर रायपुर लौटे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंत्रिमंडल विस्‍तार को लेकर बड़ा बयान दिया है।

रायपुर एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में सीएम साय ने कहा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की है, कुछ चर्चाएं हुई हैं बहुत जल्द मंत्रिमंडल का गठन होगा। नए और पुराने दोनों चेहरे को मंत्रिमंडल में जगह मिलेगी। सीएम साय समेत उप मुख्यमंत्री अरुण साव व विजय शर्मा ने रविवार को दिल्ली में हाईकमान से मुलाकात की।

विष्णुदेव साय सरकार के मंत्रिमंडल पर दिल्ली में मंथन

नेताओं ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह,भाजपा के प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, सह प्रभारी नितिन नबीन, डा. मनसुख मांडविया, क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल व अन्य के साथ बैठक में मंत्रिमंडल को लेकर मंथन करने के बाद नाम तय कर लिए हैं। जल्द ही नाम सार्वजनिक किए जा सकते हैं। गौरतलब है कि प्रदेश की 90 सदस्यीय विधानसभा में मुख्यमंत्री समेत 13 मंत्री ही हो सकते हैं। अब तक मुख्यमंत्री और दो उप मुख्यमंत्री नियुक्त हो चुके हैं।

मंत्रिमंडल में हो सकते हैं चौंकाने वाले नाम

पार्टी सूत्रों की मानें तो साय के मंत्रिमंडल में इस बार चौंकाने वाले नाम हो सकते हैं। पार्टी जातिगत समीकरण को साधते हुए मंत्रिमंडल को विस्तार दे सकती है। जिस तरह पहली बार विधायक बने विजय शर्मा को उप मुख्यमंत्री बनाया गया है, उसी तरह मंत्री भी बनाए जा सकते हैं।

लोकसभा चुनाव के मद्देनजर पार्टी हर वर्ग को साधना चाहेगी। मुख्यमंत्री आदिवासी वर्ग से, उप मुख्यमंत्री ओबीसी और सामान्य वर्ग से बनाने के बाद मंत्रियों में भी इसी तरह जातिगत समीकरण देखने को मिल सकता है। ओबीसी वर्ग से विधायक व पूर्व आइएएस ओपी चौधरी, अनुसूचित जाति वर्ग से गुरु खुशवंत साहेब का नाम भी चर्चा में है।

तीन में से कोई एक महिला विधायक बनेंगी मंत्री

महिला विधायकों में रेणुका सिंह, गोमती साय और लता उसेंडी में से किसी एक को मंत्री बनाया जा सकता है।

छह पुराने चेहरे पर भी चर्चा

मंत्री बनाने के लिए छह पुराने चेहरों पर भी चर्चा है। इनमें वरिष्ठ विधायक बृजमोहन अग्रवाल, राजेश मूणत, अजय चंद्राकर, केदार कश्यप, धरमलाल कौशिक और अमर अग्रवाल में से तीन से चार ही मंत्री बनाए जाएंगे।

बस्तर से हो सकते हैं तीन मंत्री

बस्तर संभाग से केदार कश्यप, लता उसेंडी और विक्रम उसेंडी तीन दावेदार हैं। इसके अलावा नए चेहरे में किरणदेव और पूर्व आइएएस व विधायक नीलकंठ टेकाम भी मंत्री बनाए जा सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds