चरित्र संदेह पर पत्नी पर चलाई गोली, आरोपित पति गिरफ्तार, पांच दिन पहले थाने से निकाली थी गन

रायपुर : राजधानी के डीडीनगर थाना क्षेत्र में चरित्र पर संदेह के चलते रोहिणीपुरम निवासी शुभांकर नंदी (44) ने लाइसेंसी पिस्टल से पत्नी काकुली नंदी पर गोली चला दी। दो गोलियां महिला की हाथ में लगीं। महिला को एम्स में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर पिस्टल जब्त कर लिया है।

घटना शुक्रवार शाम चार से पांच बजे के बीच की है। आरोपित एलआइसी एजेंट है। पुलिस के मुताबिक घटना के समय घर में केवल पति-पत्नी थे। जानकारी के अनुसार शुभांकर शराब पीने का आदी है। पत्नी के साथ उसका आए दिन विवाद होता था। वह पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था, इसी बात को लेकर शुक्रवार को फिर विवाद हुआ।

शुभांकर ने पत्नी को मारने की धमकी देते हुए उस पर पिस्टल तान दी। महिला ने अपने बचाव में शुभांकर से पिस्टल छीनने की कोशिश की। इस दौरान दोनों के बीच झूमाझटकी हुई और पिस्टल से गोलियां चल गईं, जो महिला के हाथ में लगी। इसके बाद शुभांकर पत्नी को वहीं छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने उसे घेराबंदी कर पकड़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds