विष्णुदेव साय आज लेंगे छत्तीसगढ़ के सीएम पद की शपथ, 6 राज्यों के मुख्यमंत्री होंगे शामिल

रायपुर : छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री के चेहरे से पर्दा हटने के बाद अब मंत्रिमंडल के गठन का बेसब्री से इंतजार किया जा रहा है। प्रदेश में भाजपा ने आदिवासी चेहरे विष्णुदेव साय को मुख्यमंत्री के रूप में चयनित किया है। आज राजधानी रायपुर के साइंस कालेज मैदान में दोपहर दो बजे शपथ ग्रहण समारोह है, जिसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मुख्य अतिथि होंगे।

शपथ ग्रहण में मुख्यमंत्री के साथ दो उप मुख्यमंत्री व 10 मंत्री भी शपथ ले सकते हैं। शपथ ग्रहण समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री डा. मनसुख मांडविया, छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, सह प्रभारी नितिन नबीन समेत दूसरे राज्यों के कुछ मुख्यमंत्री भी शामिल होंगे।

इंटरनेट मीडिया पर आदिवासी मुख्यमंत्री के लिए बधाइयों का तांता

छत्तीसगढ़ को पहले आदिवासी मुख्यमंत्री मिलने व शपथ ग्रहण समारोह के लिए बधाइयों का तांता इंटरनेट मीडिया में भी छाया रहा। भाजपा के प्रमुख पदाधिकारियों ने विष्णुदेव साय के शपथ ग्रहण समारोह व छत्तीसगढ़ के पहले आदिवासी मुख्यमंत्री बनने शुभकामनाएं दी। केंद्रीय राज्यमंत्री रेणुका सिंह व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अरुण साव ने अपने एक्स पोस्ट में साय को छत्तीसगढ़ के पहले आदिवासी मुख्यमंत्री बताकर उन्हें शुभकामनाएं दी। रायपुर पश्चिम से विधायक राजेश मूणत सहित अन्य भाजपा पदाधिकारियों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।

2:10 बजे रायपुर पहुंचेंगे पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शपथ ग्रहण समारोह के दौरान अपने निर्धारित शेड्यूल के मुताबिक कुल तीन घंटे 15 मिनट रुकेंगे। बुधवार को विशेष विमान से वे दोपहर 2.10 बजे माना एयरपोर्ट पहुंचेंगे। शाम 5.25 बजे से माना एयरपोर्ट से प्रस्थान करेंगे। समारोह के लिए 14 अन्य विशिष्ट अतिथि विशेष विमान से छत्तीसगढ़ पहुचेंगे।

पुलिस ने पार्किंग और रूट मैप किया जारी

नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन सांइस कालेज मैदान रायपुर में प्रस्तावित है। ऐसे में यहां भीड़ होगी। सुगम सुरक्षित यातायात व्यवस्था के लिए यातायात पुलिस रायपुर द्वारा अलग-अलग मार्ग एवं पार्किंग व्यवस्था निर्धारित की है।  मंच पर आसीन होने वाले व्यक्ति एमआइपी पार्किंग में अपना वाहन पार्क करेंगे। वहीं मंत्री व विधायकों के स्वजन डीडीयू आडिटोरियम अपना वाहन पार्क करेंगे। इसके अलावा रायपुर पुलिस ने प्रदेश के विभिन्न जिलों से आने वाले लोगों के अलग-अलग पार्किंग स्थल बनाए हैं।

50 हजार कुर्सियां और सुरक्षा में एक हजार जवान तैनात

शपथ ग्रहण समारोह में 50 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए लगभग एक हजार पुलिस जवान तैनात किए गए हैं। रायपुर शहर के चौक-चौराहों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट आदि अन्य जगहों पर सघन जांच अभियान जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds