बीएसपी सुप्रीमो मायावती ने भतीजे आकाश आनंद को घोषित किया अपना उत्तराधिकारी

लखनऊ। बहुजन समाजवादी पार्टी (BSP) सुप्रीमो मायावती ने रविवार को अपने उत्तराधिकारी की घोषणा कर दी। बहनजी ने भतीजे आकाश आनंद को उत्तराधिकारी बनाया है। बसपा नेता उदयवीर सिंह ने मीडिया को इसकी आधिकारिक जानकारी दी।
लखनऊ में आयोजित पार्टी की एक बड़ी बैठक के दौरान मायावती ने यह एलान किया। लोकसभा चुनाव की तैयारियों का जायजा लेने के लिए मायावती ने राष्ट्रीय स्तर के नेताओं की यह बैठक बुलाई थी।
VIDEO | BSP chief Mayawati chairs a party meeting in Lucknow to analyse party's performance in recently concluded Assembly polls in Rajasthan, Madhya Pradesh and Chhattisgarh. pic.twitter.com/xkmKYGyv6u
— Press Trust of India (@PTI_News) December 10, 2023
आकाश आनंद अभी बसपा में राष्ट्रीय संयोजक की भूमिका निभा रहे हैं। रविवार की बैठक में आकाश भी मौजूद थे। अब माना जा रहा है कि लोकसभा चुनाव में पार्टी की रणनीति में उनकी अहम भूमिका होगी। उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड राज्य को छोड़ अन्य प्रदेश में बसपा को मजबूत करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
आकाश आनंद को बसपा में नए दौर का नेता माना जाता है। आकाश आनंद ही पार्टी को सोशल मीडिया पर लेकर आए। इससे यूथ को कनेक्ट करने में मदद मिली।
पिछले दिनों आकाश आनंद की शादी हुई थी और रिसेप्शन में बसपा के हर छोटे-बड़े नेता को बुलाया गया था। कहा जा रहा है कि तभी से मायावती ने आकाश को उत्तराधिकारी बनने का मन बना लिया था।
लोकसभा चुनाव 2024 से पहले नया चेहरा
आकाश आनंद के रूप में बसपा को लोकसभा चुनाव से पहले नया चेहरा मिल गया है। उन्हें यूपी और उत्तराखंड के अलावा पूरे देश की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस तरह पार्टी नए कलेवर में वोटर्स तक पहुंचने का प्रयास करेगी।