छत्‍तीसगढ़ में पावर ट्रांसफर होते ही भाजपा में शामिल हो सकते हैं कांग्रेस के कई बड़े चेहरे

रायपुर : कहते हैं राजनीति में परिस्थितियां और समीकरण कब बदल जाए कहा नहीं जा सकता। जो कल तक कांग्रेस के कर्मठ सिपाही होने का दावा कर रहे थे, अब वे भाजपा में संभावना तलाश रहे हैं। राजनीतिक गलियारों से जो खबर आ रही है उसकी माने तो कांग्रेस के कई बड़े नाम जल्द ही भाजपा में शामिल हो सकते हैं। छत्तीसगढ़ में चुनाव परिणाम आने के बाद इसे कांग्रेस में मचे अंतर कलह के रुप में भी देखा जा रहा है।

बता दें कि तीन दिसंबर के बाद छत्तीसगढ़ की राजनीति एकदम से बदल गई। पावर का ट्रांसफर हो गया। कांग्रेस किसान-किसान करती रह गई, इधर युवाओं और महिलाओं ने गेम चेंज कर दिया। दुर्ग जिले की भी पूरी तस्वीर बदल गई। 2018 में दुर्ग जिले की स्थिति पांच एक की थी। इस बार बाजी पलट गई।

दुर्ग जिले की बदली पूरी तस्वीर

भाजपा ने चार तथा कांग्रेस से सिर्फ दो सीटें जीती। वैशाली नगर, दुर्ग ग्रामीण, दुर्ग शहर तथा अहिवारा में कांग्रेस को हार का तगड़ा झटका लगा। अहिवारा में तो हार तय बताया जा रहा था, पर वैशाली नगर, दुर्ग शहर तथा दुर्ग ग्रामीण में इतनी बड़ी हार होगी, इसका अंदाजा कांग्रेस नहीं था।

इन सीटों पर कांग्रेस अपनी जीत बता रही थी। अब जिले की सभी बड़ी सीटों पर भाजपा की जीत तथा छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बनने के बाद कांग्रेस के कई चेहरों का मन बदलने लगा है। कहा जा रहा है कि कई बड़े नाम भाजपा नेताओं के संपर्क में है। जल्द ही कांग्रेस के कई नेता भाजपा में शामिल हो सकते हैं।

चुनाव के पहले कई भाजपा नेताओं ने ज्वाइन कर लिया था कांग्रेस

बता दें कि चुनाव के पहले जिले में कई भाजपा नेताओं ने कांग्रेस ज्वाइन कर लिया था, इसमें से कोई बड़ा नाम तो नहीं था, पर कांग्रेस के दो बड़े नाम भिलाई निगम के पूर्व सभापति राजेंद्र अरोरा व भिलाई शहर जिला कांग्रेस कमेटी की प्रथम अध्यक्ष तुलसी साहू भाजपा में शामिल हो गई थी।

अब राजनीतिक गलियारों से जो जानकारी निकलकर आ रही है उसकी माने तो कांग्रेस के कई दिग्गज भाजपा में शामिल होने की तैयारी कर चुके हैं। वे भाजपा के बड़े नेताओं के संपर्क में है। सरकार गठन के बाद ऐसे तमाम चेहरे किसी बड़े आयोजन के दौरान भाजपा का दामन थाम सकते है|

Back to top button

This will close in 20 seconds