लॉगिन

VIDEO : आपदा में अवसर! चेन्नई की तूफानी बारिश के बीच सड़क पर मछली पकड़ते दिखा शख्स, वायरल वीडियो देख हंसी छूट जाएगी

Viral December 6, 2023 रिपोर्टर: shailesh

दक्षिण भारत में मिचौंग तूफान का कहर जारी है। खासकर चेन्नई की हालत बद से बत्तर है। दो दिन से हो रही मूसलाधार बारिश और जलभराव के कारण जन जीवन अस्त-व्यस्त है। इस बीच कुछ लोगों ने आपदा को अवसर में बदल डाला। जी हां, सोशल मीडिया पर इससे जुड़ा एक वीडियो वायरल हो रहा है।

आपदा में अवसर!

वायरल क्लिप को एक्स (X) पर (@Learnedpolitics) नाम के अकाउंट से पोस्ट किया गया है, जिसमें चेन्नई का दृश्य दिखाया गया है। महज 30 सेकंड के वीडियो को देख आप यही सोचेंगे कि क्या बचपना है। क्योंकि व्यक्ति बारिश में रोड पर मछली पकड़ते दिख रहा है।

हालांकि, मछली का साइज देखकर ये नहीं लग रहा है कि नजारा असली है। इतनी बड़ी मछली कहां से तैरते हुए रोड पर आ जाए, इसकी संभावना कम होती है। ऐसा लग रहा है कि किसी ट्रक या गाड़ी में से वो गिर गई, जिस पर उसे ले जाया जा रहा था। इस बीच बारिश भी हो रही थी और शख्स ने मौके पर चौका मारते हुए उसे पकड़ लिया।

वीडियो में देखा जा सकता है कि एक शख्स बड़ी मछली को अपने हाथों से पकड़कर ले जा रहा है। इस बीच एक बार मछली हाथ से छूटकर जमीन पर गिर जाती है। वो उसे उठाने की कोशिश करने लगता है। मछली दोबारा छटक कर नीचे गिर जाती है। परेशान होकर शख्स उसे पैरों से मारने लगता है और चोटिल कर देता है ताकि पकड़ना आसान हो जाए। आखिरकार वो मछली को उठाकर ले जाने में कामयाब हो जाता है।

लोगों को नहीं हो रहा यकीन…

पांच दिसंबर को शेयर किए गए इस वीडियो को खबर लिखे जाने तक 4 लाख से ज्यादा व्यूज मिले हैं। वहीं, लगभग 5 हजार लोगों ने इसे लाइक किया है। साथ ही यूजर्स कमेंट कर अपने रिएक्शन दे रहे हैं। एक ने हैरानी में कमेंट करते हुए लिखा- ये कितनी बड़ी मछली है! दूसरे ने कमेंट किया- ऐसा लग रहा है मछली किसी लॉरी से नीचे गिरी है। वहीं, एक अन्य यूजर ने कहा- पहले चेन्नई में मगरमच्छ दिखा, और अब इतनी बड़ी मछली नजर आ रही है।

खबर शेयर करें:

This will close in 20 seconds