हमास ने महिलाओं को ही नहीं लड़कों को भी बनाया था हवस का शिकार, इजरायली जांच में चौंकाने वाला खुलासा

तेल अवीव: हमास के आतंकियों ने दक्षिण इजरायल में 7 अक्टूबर को हमला कर दिया था। उन्होंने अंधाधुंध फायरिंग कर 1200 से ज्यादा लोगों को मार डाला था और घरों में घुसकर करीब 240 लोगों का अपरहण कर बंधक बनाते हुए अपने साथ ले गए थे। हाल ही में ये सामने आया था कि हमले के दौरान हमास आतंकियों ने महिलाओं के साथ रेप भी किया था। अब 7 अक्टूबर के हमले की जांच कर रहे इजरायल पुलिस के अफसरों को ऐसे साक्ष्य मिले हैं, जो पुरुषों के साथ भी यौन हिंसा किए जाने की ओर इशारा करते हैं। जांचकर्ताओं का मानना है कि हमास के आतंकियों ने महिलाओं का नहीं पुरुषों के साथ भी दुष्कर्म किया गया था।

7 अक्टूबर के हमलों की जांच कर रहे इजरायली पुलिस के जांचकर्ताओं को सबूत मिले हैं कि महिलाओं के साथ-साथ पुरुषों को भी हमास और इस्लामिक जिहाद के हमलावरों के हाथों यौन हिंसा और बलात्कार का सामना करना पड़ा। इजरायल के सर्वाइवर्स ऑफ सेक्शुअल वॉयलेंस ग्रुप की प्रवक्ता येल शेरर ने कहा कि हमले के दौरान पुरुषों के साथ की गई यौन हिंसा के सबूत मिलने के साथ-साथ प्रत्यक्षदर्शी गवाह भी हैं। बीबीसी रेडियो 4 से शेरर ने कहा कि दक्षिण इजरायल में जिन महिलाओं और पुरुषों के साथ यौन हिंसा हुई, उनमें से ज्यादातर की हत्या कर दी गई लेकिन कुछ लोग जिंदा भी हैं। उन्होंने ये बताया है कि सिर्फ महिलाओं के साथ ही नहीं पुरुषों के साथ भी ये हुआ।

हमास आतंकियों ने हत्या के बाद भी की दरिंदगी

येल शेरर ने कहा, हमास आतंकी हमला कर सिर्फ लोगों की जान ही नहीं लेना चाहते थे, वो लोगों का अपमान भी करना चाहते थे। हत्या से पहले और फिर लाशों को भी क्षत-विक्षत करते हुए आतंकवादियों ने उनका अपमान करना सुनिश्चित किया। ऐसा लगता है कि यह स्पष्ट है कि यौन हिंसा भी उनकी योजना का हिस्सा थे। इसका उद्देश्य लोगों को डराना और अपमानित करना था। ऐसे में उन्होंने ये सब किया।

इजरायल पुलिस ने हजारों बयान, तस्वीरें और वीडियो क्लिप एकत्र किए हैं। जिनमें ऐसे तमाम साक्ष्य मिले हैं, जो महिलाओं के साथ बलात्कार के बाद बुरी तरह से उनकी हत्या किए जाने की ओर इशारा करते हैं। कई ऐसे सबूत मिलने का दावा भी पुलिस ने किया है, जिनमें महिलाओं के अलावा पुरुषों के भी हाथ बांधकर उनसे दुष्कर्म किया गया और फिर उनकी हत्या कर दी गई। पुलिस को लाशों के पास से कई ऐसी चीजें मिली थीं जो रेप की ओर इशारा करती थीं। वहीं बाद में पुलिस ने वीडियो फुटेज में भी इसके सबूत पाए हैं। कई चश्मदीदों ने भी पुलिस के सामने दर्ज बयानों में हमले के दौरान रेप किए जाने की पुष्टि की है।

Back to top button

This will close in 20 seconds