छत्‍तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान मिचौंग से बदला मौसम, रायपुर सहित कई इलाकों में हो रही बारिश

रायपुर : चक्रवाती तूफान मिचौंग के प्रभाव से छत्‍तीसगढ़ में मौसम का मिजाज पूरी तरह से बदल गया है और आने वाले तीन दिन प्रदेश में बारिश के आसार है। रायपुर, धमतरी सहित आसपास के कई जिलों में मंगलवार सुबह से बारिश का दौर जारी है।

वहीं मंगलवार पांच दिसंबर को बस्तर संभाग में भारी बारिश की संभावना है। भारी बारिश के साथ ही बस्तर क्षेत्र में तो 20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चलने की उम्मीद है। इसके साथ ही प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी हल्की बारिश होगी। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि आठ दिसंबर से मौसम खुलने की उम्मीद है और उसके बाद ठंड में और ज्यादा बढ़ोतरी होगी।

बादल छाने व बारिश के चलते अधिकतम तापमान में तो काफी गिरावट की उम्मीद है,हालांकि न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव नहीं होगा। चक्रवाती तूफान मिगजौम के प्रभाव से होने वाली इस बारिश के कारण खड़ी फसल के साथ ही कच्चे मकानों को नुकसान की आशंका है। मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि मौसम का मिजाज अभी चक्रवाती तूफान के प्रभाव से अगले तीन दिन ऐसा ही बना रहेगा।

दिनभर छाए रहे बादल, ठंडी हवाओं से बढ़ी ठिठुरन

सोमवार को रायपुर सहित प्रदेश भर में सुबह से ही बादल छाए रहे और दिनभर बादल छाने के साथ ही खाड़ी से ठंडी हवाओं के आने का क्रम जारी रहा।खाड़ी से आने वाली ठंडी हवाओं के चलते इन दिनों ठिठुरन और ज्यादा बढ़ गई है।

Back to top button

This will close in 20 seconds