कहां चूक हुई कांग्रेस से करेंगे समीक्षा : पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डॉ चरण दास महंत

रायपुर : पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डॉ चरण दास महंत दूसरी बार विधानसभा चुनाव जीतने के बाद कहा कि यह उनकी नहीं कार्यकर्ताओं की जीत है। प्रदेश में कांग्रेस के हार के संबंध में उन्होंने कहा कि राज्य में हमसे कहां भूल हुई है, इसकी समीक्षा पार्टी के द्वारा की जाएगी। हमने पांच साल तक राज्य का भरपूर विकास किया है फिर भी कहीं चूक हुई है, इस पर मंथन करेंगे। जनता ने हमें विपक्ष में बैठने का जनादेश दिया है। हमे जनादेश शिरोधार्य है और हम विपक्ष में बैठकर प्रदेश वासियों की सेवा करेंगे उनकी आवाज बनेंगे।

जनता और कार्यकर्ताओं की जीत :

मेरी जीत जनता और कार्यकर्ताओं की जीत है। किसान, मजदूर, कर्मचारी, अधिकारी, युवा और महिलाओं ने उन पर जो भरोसा जताया है। वे उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे।

ये बातें जांजगीर चांपा विधानसभा से चुनाव जीतने के बाद कांग्रेस के ब्यास कश्यप ने कही। उन्होंने कहा कि वे निरंतर क्षेत्र वासियों की सेवा करेंगे। उन्होंने अपनी जीत के लिए कार्यकर्ताओं की रणनीति , पूर्व में चुनाव प्रबंधन का अनुभव और नया चेहरा होने को भी प्रमुख वजह बताया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की समस्याओं को सदन में उठाना और सदन से सड़क तक संघर्ष करना तथा क्षेत्र का विकास उनकी प्राथमिकता होगी।

समर्पित भाव से करेंगे सेवा :

राघवेंद्र सिंह अकलतरा विधानसभा से जीते कांग्रेस प्रत्याशी राघवेंद्र सिंह ने कहा कि वर्तमान विधायक के प्रति क्षेत्रवासियों का आक्रोश और क्षेत्र के विकास में पिछड़े होने के कारण भाजपा को यहां हार का सामना करना पड़ा है। वे क्षेत्रवासियों की सेवा समर्पित भाव से करेंगे। हर समस्या के निराकरण के लिए वे तत्पर रहेंगे। उनकी जीत में आम जनता व कार्यकर्ताओं की बड़ी भूमिका है। उन्होंने कहा कि उनके जिला कांग्रेस अध्यक्ष रहते जिले की तीनों विधानसभा में कांग्रेस की जीत भी बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि राज्य में जो जनादेश मिला है वह स्वीकार है। हमें जनता ने जो जिम्मेदारी दी है उसका निर्वहन बखूबी करेंगे।

Back to top button