‘अगर भाजपा सत्ता में आई तो…’, हैदराबाद का नाम बदलने को लेकर किशन रेड्डी ने दिया बयान

हैदराबाद। चार राज्यों में मतदान पूरा होने के बाद सभी पार्टियां तेलंगाना पर जोर दे रही है। इस दौरान केंद्रीय मंत्री और तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष जी किशन रेड्डी ने कहा कि अगर उनकी पार्टी राज्य में सत्ता में आती है, तो हैदराबाद का नाम बदलकर ‘भाग्यनगर’ कर दिया जाएगा। रेड्डी ने मीडिया से कहा कि मद्रास, बंबई और कलकत्ता जैसे शहरों के नाम बदल दिये गये हैं।
‘नाम क्यों नहीं बदलना चाहिए’
मीडिया से बात करते हुए जी किशन रेड्डी ने कहा, “हां, निश्चित रूप से, अगर भाजपा सरकार सत्ता में आती है, तो हम हैदराबाद का नाम बदल देंगे। मैं पूछ रहा हूं कि हैदर कौन है? क्या हमें हैदर के नाम की जरूरत है? हैदर कहां से आया है? मैं पूछ रहा हूं कि हैदर की जरूरत किसे है। यदि भाजपा सत्ता में आती है, तो निश्चित रूप से, हम हैदर को हटा देंगे और नाम बदलकर भाग्यनगर कर देंगे।” उन्होंने पूछा, नाम क्यों नहीं बदला जाना चाहिए।
‘नाम बदलने में क्या गलत’
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मद्रास का नाम भाजपा ने नहीं, बल्कि द्रमुक सरकार ने बदलकर चेन्नई किया है। उन्होंने कहा कि जब मद्रास का नाम चेन्नई, बॉम्बे का मुंबई, कलकत्ता का कोलकाता, राजपथ का कर्तव्य पथ कर दिया गया है, तो हैदराबाद का नाम बदलकर भाग्यनगर करने में क्या गलत है। उन्होंने कहा, “अगर बीजेपी सत्ता में आई तो, हम उन सभी को पूरी तरह से बदल देंगे, जो गुलामी की मानसिकता को दर्शाते हैं।”
सीएम योगी ने नाम बदलने की बात कही
जी किशन रेड्डी ने कहा कि भाजपा नाम बदलने पर बुद्धिजीवियों की सलाह भी लेगी। दरअसल, भाग्यनगर का शाब्दिक अर्थ है भाग्य का शहर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तेलंगाना में अपनी चुनावी रैलियों के दौरान कहा था कि हैदराबाद को ‘भाग्यनगर’ बनाया जाना चाहिए, जिससे उसकी किस्मत बेहतर होगी और महबूबनगर को पलामूरू के रूप में फिर से स्थापित किया जाना चाहिए।