रायपुर : भाजपा मुख्य प्रवक्ता व पूर्व मंत्री श्री चंद्राकर ने कुरुद विधानसभा क्षेत्र में हुई सुपारी किलिंग में भाजपा कार्यकर्ता चंद्रशेखर गिरी की हत्या को लेकर कहा कि प्रदेश सरकगार के उपकृत अफसरों के द्वारा अब कांग्रेस के लोगों को उपकृत करने का सिलसिला चल रहा है। चंद्राकर ने कांग्रेस की भूपेश सरकार पर आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा के कार्यकर्ताओं की पुलिस के संरक्षण में लक्षित हत्या (टारगेट किलिंग) की आशंका जताते हुए आरोप लगाया कि आगे चुनाव में पुलिस के संरक्षण में भाजपा कार्यकर्ताओं की और भी टारगेट व सुपारी किलिंग हो सकती है।
कार्यकर्ताओं को कुछ भी हुआ तो बर्दाश्त नहीं करेंगे:अजय चंद्राकर
चंद्राकर ने कहा कि कांग्रेस के लोग सत्ता-संरक्षण प्रदान कर बाहुबलियों के जरिए चुनाव के दौरान हिंसा फैलाकर माहौल बिगाड़ने पर उतारू हैं। टारगेट किलिंग, हिंसा की राजनीति के जरिए आतंक फैलाना कांग्रेस का स्थायी चरित्र रहा है। श्री चंद्राकर ने कहा कि कांग्रेस सरकार की लापरवाही व गुंडागर्दी के कारण आज छत्तीसगढ़ की जनता अपने आप असुरक्षित महसूस कर रही है, और मुख्यमंत्री बघेल छत्तीसगढ़ को सुरक्षित राज्य बताकर फर्जी दावा कर रहे हैं। छत्तीसगढ़ में मानव जीवन किस प्रकार संकट में पहुंच रहा है! कांग्रेस के शासनकाल में प्रशासन का राजनीतिकरण और राजनीति का अपराधीकरण हो गया है।