लॉगिन

छत्तीसगढ़ में 41 प्रत्याशियों के नामांकन रद्द, 20 सीटों पर 253 उम्मीदवार आजमाएंगे तकदीर

Politics October 22, 2023 रिपोर्टर: shailesh
छत्तीसगढ़ में 41 प्रत्याशियों के नामांकन रद्द, 20 सीटों पर 253 उम्मीदवार आजमाएंगे तकदीर

छत्तीसगढ़ में 41 प्रत्याशियों के नामांकन रद्द, 20 सीटों पर 253 उम्मीदवार आजमाएंगे तकदीर

रायपुर : छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है. पहले चरण के 20 सीटों के लिए नामांकन की प्रक्रिया समाप्त हो गई है. पहले चरण में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह  के विधानसभा क्षेत्र राजनांदगांव में सबसे ज्यादा नामांकन हुए हैं और सबसे कम बस्तर विधानसभा में आठ प्रत्याशी चुनावी मैदान में है. इसके अलावा चुनाव आयोग ने 20 विधानसभा सीटों पर 41 प्रत्याशियों के नामांकन को रिजेक्ट कर दिया है. इसके बाद अब नाम वापसी के पहले 20 सीटों पर 253 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं.

दरअसल, 13 से 20 अक्टूबर तक 294 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया है, लेकिन चुनाव आयोग ने 41 अभूर्थियों के नामांकन रिजेक्ट कर दिया है. इसके बाद 253 प्रत्याशियों के नामांकन को स्वीकार किया गया है. जिनके नामांकन रिजेक्ट हुए हैं, उनमें कोई बड़े राजनीतिक दल के प्रत्याशी नहीं हैं. चुनाव आयोग ने विधानसभा वार कितने नामांकन स्वीकार किए गए हैं, इसकी सूची भी जारी की है. इसमें विधानसभा क्षेत्र अंतागढ़ में 14, भानुप्रतापपुर में 15, कांकेर में 10, केशकाल में 10, कोंडागांव में 10, नारायणपुर में नौ, बस्तर में आठ, जगदलपुर में 13 और चित्रकोट में सात, दंतेवाड़ा में सात, बीजापुर में 10 और कोंटा में नौ प्रत्याशियों के नामांकन विधिमान्य पाए गए हैं.

20 सीटों पर 40 लाख मतदाता तय करेंगे 253 प्रत्याशियों का भाग्य

इसी प्रकार खैरागढ़ में 11, डोंगरगढ़ में 13, राजनांदगांव में 35, डोंगरगांव में 15, खुज्जी में 10, मोहला-मानपुर में 10, कवर्धा में 21 और पंडरिया में 16 प्रत्याशियों के नामांकन विधिमान्य पाए गए हैं. बता दें कि अब 23 अक्टूबर तक प्रत्याशियों के पास नाम वापसी का टाइम है. इसके बाद निर्वाचन अधिकारी फाइनल लिस्ट जारी कर देंगे. वहीं पहले चरण के 20 विधानसभाओं में कुल मतदाताओं की संख्या 40 लाख 78 हजार 681 है, जिसमें 19 लाख 93 हजार 937 पुरुष, 20 लाख 84 हजार 675 महिलाएं और 69 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं. यानी इन 20 सीटों में महिला मतदाताओं का दबदबा है. इसके अलावा इन विधानसभा क्षेत्रों के लिए कुल 5 हजार 304 मतदान केंद्र बनाए गए हैं.

इसके अलावा दूसरे चरण के लिए नामांकन दाखिल करने की प्रार्कियां शुरू हो गई है. दूसरे चरण में छत्तीसगढ़ में 70 सीटों पर मतदान होने वाला है. दूसरे चरण का नामांकन शनिवार को शुरू हुआ है. पहले ही दिन पांच प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया है. इसमें कांग्रेस के दो विधायक भी शामिल है. मरवाही से डॉक्टर केके धुर्व और प्रेमनगर से खेलसाय सिंह ने सबसे पहले नामांकन दाखिल कर दिया है. इसके अलावा पहले दिन में राजिम, रायगढ़ और बिलासपुर विधानसभा से भी एक-एक नामांकन दाखिल किया गया है. वहीं प्रत्याशी दूसरे चरण के लिए 30 अक्टूबर तक अपना नामांकन दाखिल कर सकते हैं.

खबर शेयर करें:

This will close in 20 seconds