‘गाजा में आत्मरक्षा के दायरे से परे काम कर रहा इस्राइल’, चीन ने लगाया आरोप

बीजिंग : हमास के इस्राइल पर अचानक हमले के बाद हालात बिगड़ते जा रहे हैं। दोनों के बीच संघर्ष को अब हफ्तेभर से ज्यादा का समय हो चुका है। अब तक 3,300 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं। हालांकि, अब इस्राइल की कार्रवाई पर चीन ने सवाल उठा दिया है। उसने आरोप लगाया है कि इस्राइल की कार्रवाई आत्मरक्षा के दायरे से परे हो गई है।चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने रविवार को इस्राइली सरकार से कहा कि अब उन्हें गाजा के लोगों को सामूहिक सजा देना बंद करना चाहिए।
अबतक क्या कुछ हुआ
गौरतलब है, हमास के आतंकी हमले में जहां अब तक इस्राइल के 1300 से ज्यादा की मौत हो चुकी है, वहीं इसके पलटवार में गाजा पट्टी पर 2000 के करीब लोग मारे गए हैं। इन हालात के बीच कई देशों ने अपने नागरिकों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाए हैं। भारत के साथ-साथ ब्रिटेन और कुछ और पश्चिमी देशों ने विमानों के जरिए अपने लोगों को निकाला है।
वांग ने प्रिंस फरहान से की बात
बता दें, वांग ने सऊदी अरब के अपने समकक्ष प्रिंस फैसल बिन फरहान से शनिवार को फोन पर बातचीत की थी। यह बातचीत ऐसे समय में हुई है, जब इस्राइल गाजा में हमास आतंकवादियों के खिलाफ जमीनी हमले की तैयारी करता दिख रहा है। विदेश मंत्रालय के बयान के अनुसार , वांग ने कहा कि इस्राइल की कार्रवाई आत्मरक्षा के दायरे से परे है। उसे अंतरराष्ट्रीय समुदाय और संयुक्त राष्ट्र महासचिव की बात को गंभीरता से सुनना चाहिए। साथ ही गाजा के लोगों को सामूहिक सजा देना बंद करना चाहिए।
पलायन करने का आदेश
खबरों के अनुसार, भीड़-भाड़ वाले एन्क्लेव के उत्तरी हिस्से में दस लाख से अधिक लोगों को संभावित हमले से पहले पलायन करने का आदेश दिया गया है। सहायता समूहों का कहना है कि अगर इतने बड़े स्तर पर पलायन होता है तो इससे एक मानवीय आपदा पैदा हो जाएगी।
अमेरिकी विदेश मंत्री से भी की बात
वांग ने प्रिंस फैसल से कहा कि सभी पक्षों को स्थिति को खराब करने के लिए कोई कार्रवाई नहीं करनी चाहिए। इस मुद्दे पर सभी लोगों को जल्द से जल्द एक साथ आकर बातचीत करना चाहिए। वांग यी ने शनिवार को अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन के साथ भी फोन पर बातचीत की। चीनी विदेश मंत्री ने कहा कि अमेरिका को संघर्ष में जिम्मेदार भूमिका निभानी चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने व्यापक सहमति तक पहुंचने को बढ़ावा देने के लिए जल्द से जल्द एक अंतरराष्ट्रीय शांति बैठक आयोजित करने का भी आग्रह किया।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, चीन के विशेष दूत झाई इस्राइल-हमास संघर्ष को रुकवाने पर जोर देने और शांति वार्ता को बढ़ावा देने के लिए अगले सप्ताह पश्चिम एशिया का दौरा करेंगे।