कांग्रेस ने एमपी समेत तीन राज्यों के लिए जारी की उम्मीदवारों की सूची, जानिए किन सीटों पर तय हुए नाम

नई दिल्ली : मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने अपने उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी है। एमपी में कांग्रेस ने 144 उम्मीदवारों के नामों का एलान किया है।

सीएम बघेल, पाटन सीट से लड़ेंगे चुनाव

छत्तीसगढ़ में उम्मीदवारों की पहली सूची में सीएम भूपेश बघेल और डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव  का भी नाम है। भूपेश बघेल पाटन सीट से और सिंहदेव अंबिकापुर सीट से चुनाव लड़ेंगे। कोरबा से पार्टी जय सिंह अग्रवाल, कवर्धा से मोहम्मद अकबर, खैरागढ़ से यशोदा वर्मा, कांकेर से शंकर ध्रुव, नारायणपुर सीट से चंदन कश्यप, दंतेवाड़ा से के छविंद्र महेंद्र कर्मा और बस्तर से लखेश्वर बघेल को उम्मीदवार बनाया गया है।

कमलनाथ ने भाजपा पर बोला हमला

कांग्रेस की सूची जारी होने पर मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि हम चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार हैं। जो सूची जारी की गई है, उनमें 65 उम्मीदवारों की उम्र 50 साल से कम है और साथ ही 19 महिला उम्मीदवार भी हैं। उनके (भाजपा) के पास कुछ नहीं बचा है बस वो ये नहीं कह सकते कि वह चुनाव हार रहे हैं।

कई विधायकों के टिकट कटने पर क्या बोले शीर्ष नेता

कई मौजूदा विधायकों के टिकट कटने पर छत्तीसगढ़ सरकार के वरिष्ठ मंत्री ताम्रध्वज साहू ने कहा कि चुनाव समिति इसे लेकर फैसला करती है और जो उन्हें जानकारी मिलती है, उसी के आधार पर टिकट तय होते हैं और आगे भी ऐसा होगा। इससे नए लोगों को मौका मिलता है।

टिकट मिलने पर आरिफ मसूद ने कही ये बात

भोपाल मध्य से कांग्रेस उम्मीदवार आरिफ मसूद ने कहा कि विधायक बनने के बाद मैं अगले पांच सालों तक जमीन पर काम करता हूं और इसी के चलते मैं दो बार जीता। अब पार्टी ने फिर से मुझ पर विश्वास जताया है। कमलनाथ के चुनाव लड़ने पर उन्होंने कहा कि यह स्वभाविक है कि अगर कप्तान लड़ेगा तो पूरी टीम भी लड़ेगी। जबलपुर में कांग्रेस नेता विनय सक्सेना ने टिकट मिलने पर कहा कि मुझे खुशी है कि मेरे काम का विश्लेषण किया गया। मैं जबलपुर के लोगों को धन्यवाद देना चाहता हूं कि उन्होंने मुझे विश्वास जताया और इसके चलते मुझे फिर से पार्टी ने टिकट दिया है।

अगली सूची में महिलाओं को दी जाएगी प्राथमिकता

छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी की पहली सूची जारी होने पर कहा कांग्रेस द्वारा जिन्हें भी उम्मीदवार बनाया गया है, वो जीतेंगे। हर सीट पर चर्चा के बाद यह सूची जारी की गई है। भाजपा ने उन्हें टिकट दिया है, जिन्हें जनता पहले ही नकार चुकी है। पार्टी ने मुझे चित्रकूट विधानसभा से चुनाव लड़ने को कहा है। पार्टी कार्यकर्ता और लोग यहां काम करेंगे। अगर मैं यहां चुनाव प्रचार भी ना करूं तो लोग मुझे जिताएंगे। चित्रकूट सीट के निवासी हमारे परिवारजन हैं। हमारे सीएम भी किसी भी सीट से चुनाव लड़कर जीत सकते हैं। अगली सूची में महिलाओं को भी प्राथमिकता दी जाएगी।

तेलंगाना में 55 सीटों पर उम्मीदवार तय

कांग्रेस ने दक्षिणी राज्य तेलंगाना में भी 55 उम्मीदवारों की सूची जारी की है। पार्टी ने प्रदेश अध्यक्ष रेवंत रेड्डी को कोंडागल सीट से उम्मीदवार बनाया है। वहीं गोशामहल सीट से मोगली सुनीता, चंद्रयानगुट्टा सीट से बोया नागेश, मालकपेट सीट से शेख अकबर और नामपल्ली सीट से मोहम्मद फिरोज खान को टिकट दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds