आज दूसरा पदक मुक्केबाजी में, प्रीति ने जीता कांस्य, भारत की झोली में कुल 62 पदक

हांगझोऊ : एशियाई खेलों का आज 10वां दिन है। इस प्रतियोगिता में भारत को पहले दिन पांच, दूसरे दिन छह, तीसरे दिन तीन, चौथे दिन आठ, पांचवें दिन तीन, छठे दिन आठ, सातवें दिन पांच, आठवें दिन 15 और नौवें दिन सात पदक मिले। आज भारत के कुल पदकों की संख्या 70 के पार जा सकती है।

भारत के पास कितने पदक
स्वर्णः 13
रजतः 24
कांस्यः 25
कुलः 62

कबड्डी में भारत की बड़ी जीत

भारत ने दक्षिण कोरिया को 56-23 से हराया। भारतीय टीम ने एकतरफा अंदाज में जीत दर्ज की। भारत टीम से इस प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक की उम्मीद है।

तीरंदाजी में अतानु दास हारे

तीरंदाजी में पुरुषों की प्रतिस्पर्धा में अतानु दास को हार का सामना करना पड़ा है। चीन के क्यूआई ने क्वार्टर फाइनल मैच में उन्हें करीबी अंतर से हराया। इसके साथ ही अतानु करीबी अंतर से पदक से चूक गए।

मुक्केबाजी में लवलीना फाइनल में पहुंचीं

मुक्केबाजी में लवलीना बोरगोहेन महिलाओं के 75 किलोग्राम भारवर्ग के फाइनल में पहुंच गई हैं। उन्होंने थाईलैंड की बाइसन के खिलाफ 5-0 के अंतर से जीत हासिल की। लवलीना ने कम से कम रजत पदक पक्का कर लिया है। उन्होंने पेरिस ओलंपिक का टिकट भी हासिल कर लिया है।

प्रीति ने जीता कांस्य

मुक्केबाजी में प्रीति ने कांस्य पदक जीता है। चीन की युआन चैंग के खिलाफ सेमीफाइनल में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इसके साथ ही एशियाई खेलों में उनका सफर खत्म हो गया। वह कांस्य पदक और पेरिस ओलंपिक का कोटा लेकर यहां से विदा होंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds