टेबल टेनिस में महिला टीम को कांस्य; भारत के पास कुल 56 पदक

हांगझोऊ : एशियाई खेलों में आज नौवां दिन है। इस प्रतियोगिता में भारत को पहले दिन पांच, दूसरे दिन छह, तीसरे दिन तीन, चौथे दिन आठ, पांचवें दिन तीन, छठे दिन आठ, सातवें दिन पांच और आठवें दिन 15 पदक मिले।
भारत के पास कितने पदक
स्वर्णः 13
रजतः 21
कांस्यः 22
कुलः 56
भारत की बांग्लादेश पर शानदार जीत
भारत ने बांग्लादेश को 12-0 के विशाल अंतर से हराया है और एशियाई खेलों में एक और शानदार जीत हासिल की है। भारतीय टीम सबसे बेहतर रैंकिंग वाली टीम है। ऐसे में टीम इंडिया को इस प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक से कम कुछ भी मंजूर नहीं होगा। भारत ने ग्रुप स्टेज में अपने सभी पांच मैच जीते हैं। इस दौरान भारतीय टीम ने कुल 58 गोल दागे हैं और सिर्फ पांच गोल खाए हैं।
हॉकी में भारत 6-0 से आगे
हॉकी में भारतीय टीम ने शानदार शुरुआत की है और दूसरे क्वार्टर में ही बांग्लादेश पर 6-0 की बढ़त बना ली है।
टेबल टेनिस में भारत की हार
टेबल टेनिस में भारतीय महिला टीम को सेमीफाइनल मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा है। अहकिया मुखर्जी और सुतीर्था की जोड़ी को दक्षिण कोरिया की पाक और चार ने करीबी मुकाबले में 4-3 के अंतर से हराया। इस हार के साथ ही भारतीय जोड़ी को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा है।
विद्या ने की पीटी उषा की बराबरी
महिलाओं की 400 मीटर बाधा दौड़ में विद्या रामराज ने पीटी उषा के राष्ट्रीय रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। 1984 में पीटी उषा ने 55.42 सेकेंड में यह दौड़ पूरी की थी। अब विद्या ने भी यह कर दिखाया है। इससे पहले विद्या का बेस्ट रिकॉर्ड 55.43 सेकेंड था। वह हीट 1 से बहरीन की अमीनत ओए जमाल के साथ सीधे फाइनल के लिए क्वालीफाई कर चुकी हैं।
पुरुष स्केटिंग टीम ने जीता कांस्य
स्पीड स्केटिंग में ही भारत को आज का दूसरा पदक मिला है। भारत के आर्यनपाल घुमन, आनंदकुमार वेलकुमार, सिद्धांत कांबले, विक्रम इंगले 4:10.128 के समय के साथ तीसरे स्थान पर रहे और कांस्य पदक जीता। चीनी ताइपे ने स्वर्ण, दक्षिण कोरिया ने रजत पदक जीता।