एशियाड में भारत के साथ अन्याय; स्वप्ना का दावा- ट्रांसजेंडर एथलीट ने मेरा पदक छीना

हांगझोऊ  : एशियाई खेल 2023 में विवादों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। अरुणाचल प्रदेश के खिलाड़ियों को चीन का वीजा नहीं मिलने पर खासा बवाल हुआ था। इस वजह से भारतीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने चीन जाने से इंकार कर दिया। इसके बाद भारतीय खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए भी उचित सुविधाएं नहीं मिली।

ज्योति याराजी को चीनी खिलाड़ी की गलती में बलि का बकरा बनाया जा रहा था, लेकिन उनके विरोध करने पर उन्हें रजत पदक दिया गया। अब एक और भारतीय एथलीट ने आयोजकों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

जकार्ता में एशियाई खेलों के 2018 संस्करण में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय एथलीट स्वप्ना बर्मन ने आरोप लगाया कि महिलाओं के हेप्टाथलॉन में एक ट्रांसजेंडर महिला के कारण उन्हें अपना पदक गंवाना पड़ा। चीन के हांगझू में चल रहे एशियाई खेलों में बर्मन चौथे स्थान पर रहीं और उन्हें कोई पदक नहीं मिला।

एशियाई खेलों के पिछले संस्करण में 53.55 मीटर भाला फेंकने वाली स्वप्ना इस बार केवल 45.13 मीटर दूर ही भाला फेंक पाईं। बर्मन अंततः महिलाओं की हेप्टाथलॉन स्पर्धा में 5708 अंकों के साथ चौथे स्थान पर रहीं और केवल चार अंकों से कांस्य पदक से चूक गईं। तीसरा स्थान उनकी हमवतन नंदिनी अगासरा ने हासिल किया, जिन्होंने कुल 5712 अंक हासिल किए।

प्रतियोगिता के एक दिन बाद, बर्मन ने सोशल मीडिया पर यह आरोप लगाते हुए विवाद खड़ा कर दिया कि एक ट्रांसजेंडर एथलीट के कारण उन्हें अपना पदक गंवाना पड़ा है। हालांकि, उन्होंने अपने पोस्ट में इवेंट के अपने प्रतिद्वंद्वी का नाम नहीं लिया। उन्होंने लिखा “मैंने चीन के हांग्जो में आयोजित 19वें एशियाई खेलों में एक ट्रांसजेंडर महिला के कारण अपना एशियाई खेलों का कांस्य पदक खो दिया है। मैं अपना पदक वापस चाहती हूं, क्योंकि यह हमारे एथलेटिक्स के नियमों के खिलाफ है। कृपया मेरी मदद करें और मेरा समर्थन करें।”

चीन की नानाली झेंग ने शानदार 6149 अंकों के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि उज्बेकिस्तान की एकातेरिना वोरोनिना ने 6056 अंकों के साथ रजत पदक जीता।

रीढ़ की हड्डी में चोट के कारण स्वप्ना का करियर काफी प्रभावित रहा और उन्होंने पिछले साल संन्यास के बारे में गंभीरता से सोचा था, लेकिन आखिरकार अंतिम बार गौरव हासिल करने का फैसला किया और इसलिए वह अपने खिताब की रक्षा के लिए हांगझोऊ पहुंची थीं। इस साल उन्होंने अंतरराज्यीय प्रतियोगिता जीती और एशियाई खेलों की तैयारी में रजत पदक भी हासिल किया। उन्होंने सर्जरी से भी परहेज किया ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि खराब पीठ के बावजूद उनकी ट्रेनिंग न छूटे। हालांकि, अंत में वह पदक जीतने से चूक गईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds