‘यहां आकर मेरे बगल में बैठिए….’ यहां के बीजेपी चीफ ने महिला रिपोर्टर से कही ये बात, अब हो रही आलोचना

कोयंबटूर। तमिलनाडु के बीजेपी अध्यक्ष के अन्नामलाई लगातार विवादों में घिरे रहते हैं. इस बार उन्होंने एक महिला रिपोर्टर के साथ ऐसा व्यवहार किया है, जिसकी वजह से उनकी खूब आलोचना हो रही है. महिला रिपोर्टर ने अन्नामलाई से बीजेपी से जुड़ा एक ऐसा सवाल पूछ लिया, जिस पर वह भड़क गए और उन्होंने उसे फटकार तक लगा दी. उनकी इस हरकत की कोयंबटूर प्रेस क्लब ने आलोचना की है. हालांकि, विवाद बढ़ने पर अन्नामलाई ने अपना पक्ष भी रखा.

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, एक महिला रिपोर्टर ने अन्नामलाई से पूछा कि अगर वह बीजेपी के तमिलनाडु अध्यक्ष नहीं रहते हैं, तो क्या वह पार्टी के साथ बने रहेंगे? ये सवाल सुनकर अन्नामलाई नाराज हुए और उन्होंने रिपोर्टर से कहा कि उसे उनके पास आकर बैठना चाहिए, ताकि टीवी पर जो कोई भी उन्हें देख रहा है, उसे ये मालूम चल सके कि इस सवाल को किसने पूछा है. वह लगातार महिला रिपोर्टर से अपने पास आकर बैठने को कहते रहे.

बीजेपी नेता ने क्या कहा?

अन्नामलाई ने कहा, ‘यहां आइए और मेरे बगल में बैठिए. लोगों को टीवी के जरिए देखने का मौका मिलना चाहिए कि मुझसे ये सवाल किसने पूछा है. सवाल पूछने का एक तरीका होता है. 8 करोड़ लोगों को ये मालूम होना चाहिए कि आखिर ये शानदार सवाल किसने पूछा है.’ बीजेपी नेता ने लगातार महिला रिपोर्टर से अपने बगल में आकर कैमरे के सामने बैठने का दबाव बनाया. मगर महिला के साथी रिपोर्टर्स ने उसका बचाव करना जारी रखा.

तमिलनाडु बीजेपी चीफ ने कहा, ‘मैं फुल-टाइम नेता नहीं हूं. एक किसान होना मेरी पहचान है, उसके बाद मैं नेता हूं और फिर मैं बीजेपी से जुड़ा हुआ हूं.’ दूसरी ओर अन्नामलाई की इस हरकत पर बाकी के रिपोर्टर्स ने नाराजगी जताई और उन्होंने इसका विरोध किया. फिर अन्नामलाई कहने लगे कि वह तो बस रिपोर्टर को ठीक ढंग से सवाल पूछने को कह रहे थे. बीजेपी नेता ने कहा, ‘मैं तो नेक इरादे से आपकी बहन को सलाह दे रहा था.’

प्रेस क्लब ने की आलोचना

कोयंबटूर प्रेस क्लब ने अन्नामलाई की आलोचना करते हुए कहा, ‘पत्रकारिता पर नैतिकता का उपदेश देने की कोशिश करने से पहले अन्नामलाई को एक नेता होने की नैतिकता सीखनी चाहिए और सम्मानपूर्वक बर्ताव करना चाहिए. पत्रकारिता नागरिकों और सार्वजनिक जीवन में मौजूद लोगों के बीच एक सेतु के रूप में खड़ी है.’ कांग्रेस ने भी अन्नामलाई की आलोचना की है. तमिलनाडु कांग्रेस महासचिव लक्ष्मी रामाचंद्रन ने कहा कि मैंने किसी में इस तरह का अहंकार नहीं देखा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds