महिला के जेवर से भरे पर्स चोरी करने का आरोपी बस कंडक्टर गिरफ्तार

रायपुर : राजधानी की एक महिला का बस में सफर के दौरान पर्स चोरी करने वाले बस के कंडक्टर घनश्याम जायसवाल उर्फ राहुल को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वह पलारी बलौदाबाजार थाना क्षेत्र के ग्राम पठारीडीह का रहने वाला है।
पुलिस ने आरोपित के पास से चोरी का पर्स और सोने चांदी के जेवरात जब्त किए हैं। मठपुरैना निवासी उषा सोनकर की रिपोर्ट पर टिकरापारा थाना पुलिस ने कार्रवाई की है। प्रार्थिया किसी कार्यक्रम में अपने रिश्तेदार के घर पारागांव गई हुई थी।
रविवार को बस से वापस रायपुर लौटते समय भाठागांव बस स्टैंड के पास आरोपित ने पर्स चोरी कर लिया था। पर्स में लेक मंगलसूत्र, सोने का लाकेट और चैन रखा हुआ था। रिपोर्ट के बाद पुलिस टीम द्वारा भाठागांव चौक के आसपास सहित बस में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेजों की जांच की जा रही थी।इसी दौरान टीम को बस कंडक्टर के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली, जिस पर कंडक्टर घनश्याम जायसवाल को पकड़कर कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने पर्स चोरी करना स्वीकार कर लिया।