महिलाओं में 28 लाख करोड़ तो पुरुषों में 36 लाख करोड़ कोशिकाएं, वैज्ञानिकों को मिली अहम कामयाबी

नई दिल्ली : वैज्ञानिकों ने मानव शरीर में मौजूद कोशिकाओं की सटीक संख्या का पता लगाने में कामयाबी हासिल की है। नए अध्ययन से पता चला है कि एक पुरुष में औसतन 36 लाख करोड़ कोशिकाएं (सेल्स) होती हैं, जबकि महिलाओं में यह संख्या 28 लाख करोड़ होती है। वहीं, एक 10 वर्षीय बच्चे में इन कोिशकाओं की संख्या 17 करोड़ के आसपास होती है।

द प्रोसीडिंग्स ऑफ द नेशनल एकेडमी ऑफ साइंसेज (पनास) जर्नल में सितंबर में प्रकाशित अध्ययन के अनुसार मैकगिल यूनिवर्सिटी, कनाडा के शोधकर्ताओं ने 60 अलग-अलग तरह के ऊतकों (टिश्यूस) में 400 से ज्यादा प्रकार की कोशिकाओं की संख्या और आकार की जांच की है। इनमें तंत्रिका कोशिकाएं और न्यूरॉन्स भी शामिल हैं। इस नए अध्ययन के नतीजे 1500 से ज्यादा शोधपत्रों के विश्लेषण पर आधारित हैं।

शरीर की मूल इकाई

कोशिकाएं शरीर की मूल इकाई हैं। सभी ऊतक व अंग असंख्य कोशिकाओं के बने होते हैं। ये आकार में भिन्न होती हैं, लेकिन बहुत छोटी होती हैं। यहां तक कि एक निषेचित अंडे जैसी। सबसे बड़ी कोशिका भी आकार में इतनी छोटी होती है कि उसे बगैर लेंस के सहारे सामान्य आंखों से नहीं देखा जा सकता।

दो लाख करोड़ से ज्यादा लिम्फोसाइट्स

शोध के अनुसार कोशिकाओं का आकार और संख्या शरीर के विकास और कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शरीर में कोशिकाओं के द्रव्यमान का वितरण मुख्य रूप से मांसपेशियों और वसा की कोशिकाओं द्वारा नियंत्रित होता है। अध्ययन से पता चला है कि मानव शरीर में कुल दो लाख करोड़ लिम्फोसाइट्स (सफेद रक्त कोशिकाएं) होती हैं, जो पिछले अनुमान 50 हजार करोड़ से चार गुना अधिक हैं। यह एचआईवी या ल्यूकेमिया जैसी प्रतिरक्षा प्रणाली से संबंधित बीमारियों और उसके इलाज में महत्वपूर्ण साबित हो सकती हैं। लिंफोसाइट सफेद रक्त कोशिकाओं को कहते हैं जो बीमारियों और रोगों से लड़ने वाली मुख्य इम्यून कोशिकाएं हैं।

हार्मोन और एंजाइम का करती हैं उत्पादन

कुछ कोशिकाएं विशेषकर ग्रंथि कोशिकाएं, अपनी प्राथमिक क्रिया के रूप में जटिल पदार्थों जैसे हार्मोन और एंजाइम का उत्पादन करती हैं। हार्मोन वे रासायनिक संदेशवाहक हैं, जो पूरे शरीर की गतिविधियों को नियंत्रित करते हैं और उनका समन्वयन करते हैं। उदाहरण के लिए इंसुलिन रक्त शर्करा स्तरों को नियंत्रित करने में मदद करने के लिए अग्नाशय में मौजूद कुछ कोशिकाओं द्वारा उत्पादित एक हार्मोन है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds