जिंदगी और मौत के जूझ रहा रमजान कादिरोव! चेचेन्या के इस खूखांर कमांडर की हालत गंभीर

मॉस्को: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के वफादार और चेचन्या के नेता रमजान कादिरोव की हालत गंभीर बताई जा रही है। यूक्रेन की सुरक्षा सेवा (एसबीयू) ने पुष्टि की है कि रमजान कादिरोव गंभीर बीमारी के कारण गंभीर स्थिति में हैं। एसबीयू के प्रवक्ता एंड्री युसोव ने 15 सितंबर को यूक्रेनी समाचार आउटलेट ओबोज़रेवाटेल को बताया कि कादिरोव की मौजूदा बीमारियां काफी बिगड़ गई है। यूसोव ने कहा कि हां, वास्तव में, ऐसी जानकारी है कि युद्ध अपराधी कादिरोव गंभीर स्थिति में है।

कोमा में है रमजान कादिरोव

ओबोज़रेवाटेल ने पहले चेचन्या के सूत्रों से दावा किया था कि कादिरोव कोमा में चला गया है। हालांकि, युसोव ने कादिरोव के मेडिकल हालात को लेकर कोई जानकारी साझा नहीं की। लेकिन, उन्होंने यह पुष्टि जरूर की कि वह किसी चोट के कारण इस हालात में नहीं पहुंचा है, बल्कि पहले से जारी बीमारियों के कारण उसका स्वास्थ्य बिगड़ गया है। युसोव ने कहा, “वह लंबे समय से बीमार है और यह उसके सिस्टमेटिक हेल्थ प्रॉब्लम के बारे में है। लेकिन, पिछले कुछ दिनों से उसकी हालत गंभीर है।” युसोव ने कहा कि कादिरोव के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी की पुष्टि कई चिकित्सा और राजनीतिक स्रोतों से की गई है।

यूएई में इलाज कराने जाएगा कादिरोव

कादिरोव के खराब स्वास्थ्य की अफवाहें महीनेभर से चर्चा में हैं। मार्च में कादिरोव ने एक टेलीग्राम पोस्ट में इन अटकलों का मजाक उड़ाया था। कादिरोव ने कहा था, ”उन लोगों के लिए जो इस उम्मीद से खुद को सांत्वना देते हैं कि मैं लाइलाज रूप से बीमार हूं, फिर मुझे आपको परेशान करने के लिए खेद है।” ओबोज़रेवाटेल के चेचन सूत्रों के अनुसार, कादिरोव कई दिनों से कोमा में है और विदेश में, संभवत संयुक्त अरब अमीरात में इलाज कराने के लिए चेचन्या से भेजे जाने का इंतजार कर रहा है।

कौन है रमजान कादिरोव

रमजान कादिरोव का पूरा नाम रमजान अखमदोविच कादिरोव है। वह एक रूसी और चेचन राजनेता है, जो वर्तमान में चेचेन गणराज्य के प्रमुख के रूप में कार्य कर रहा है। वह चेचेन स्वतंत्रता आंदोलन में भी हिस्सा ले चुका है। रूस ने उसे रूसी सेना में कर्नल जनरल का पद दिया है। कादिरोव चेचन के पूर्व राष्ट्रपति अखमद कादिरोव के बेटा है, जिसने रूस में व्लादिमीर पुतिन के प्रशासन को अपनी सेवा देकर दूसरे चेचन युद्ध में पक्ष बदल लिया और 2003 में चेचन राष्ट्रपति बना। मई 2004 में अखमद कादिरोव की हत्या कर दी गई थी। फरवरी 2007 में, रमजान कादिरोव ने राष्ट्रपति के रूप में अलु अलखानोव की जगह ली। नवंबर 2015 से वह रूसी संघ की राज्य परिषद के सलाहकार आयोग के सदस्य रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds